लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए। लखनऊ से कौशांबी जा रहे उनके हेलीकॉप्टर में उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद तकनीकी खराबी आ गई और केबिन में धुआं भरने लगा। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और हेलीकॉप्टर को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिग की। हालांकि, घटना में मौर्य समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी पांच लोग सुरक्षित हैं।

जानकारी के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे लखनऊ के ला मार्टिनियर कॉलेज ग्राउंड स्थित हेलीपैड से हेलीकॉप्टर के जरिए कौशांबी के लिए रवाना हुए थे। उन्हें सयारा के बाबू सिंह डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित दो दिवसीय सरस महोत्सव कार्यक्रम का उद्घाटन करना था। उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही हेलीकॉप्टर में तकनीकी गड़बड़ी सामने आने लगी।

यह भी पढ़ें:CG: सूरजपुर में 10वीं की परीक्षा में नकल करते पकड़े गए 3 छात्र, केंद्राध्यक्ष भी हुए निलंबित

हेलीकॉप्टर लखनऊ से लगभग 50 किलोमीटर दूर बछरावां क्षेत्र के आसपास पहुंच चुका था और करीब 2000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसी दौरान पायलट के डैशबोर्ड का डिस्प्ले बोर्ड अचानक बंद हो गया। इससे उड़ान संचालन में परेशानी होने लगी। पायलट ने तुरंत स्थिति की गंभीरता समझते हुए लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और नजदीकी एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी।

इसके बाद हेलीकॉप्टर से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में केबिन के अंदर धुआं भर गया। पायलट ने तत्काल हेलीकॉप्टर को लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत एयरपोर्ट पर इमरजेंसी व्यवस्था तैयार की गई और हेलीकॉप्टर को सुरक्षित तरीके से उतार लिया गया। लैंडिंग के बाद सुरक्षा और तकनीकी टीमों ने हेलीकॉप्टर को तुरंत घेर लिया और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उनके साथ उनके सहयोगी विवेक, सुरक्षाकर्मी और पायलट भी हेलीकॉप्टर में मौजूद थे। सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।

यह भी पढ़ें:इंदौर के अक्षत बलदवा ने रचा इतिहास, 100 फीसदी दृष्टिबाधित होकर भी पास की UPSC परीक्षा

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी लखनऊ एयरपोर्ट पहुंच गए। फिलहाल तकनीकी विशेषज्ञों की टीम हेलीकॉप्टर में आई खराबी और धुआं निकलने के कारणों की जांच कर रही है। उपमुख्यमंत्री की मीडिया टीम ने भी पुष्टि की है कि केशव प्रसाद मौर्य पूरी तरह सुरक्षित हैं और कुछ समय तक एयरपोर्ट के वेटिंग लाउंज में रुके रहे। पार्टी के मुताबिक, कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्हें बाद में दूसरे हेलीकॉप्टर से कौशांबी भेजे जाने की तैयारी की गई।