बिहार| पटना से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 5009 को बुधवार सुबह उड़ान भरते ही बर्ड हिट का सामना करना पड़ा, जिसके बाद विमान को इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में 175 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे फ्लाइट ने जैसे ही उड़ान भरी, कुछ ही मिनटों में 3000 से 4000 फीट की ऊंचाई पर एक पक्षी से टकरा गई। इस टक्कर के चलते विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने स्थिति को भांपते हुए तत्परता दिखाई और एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी। विमान को सुबह 10 बजे सुरक्षित रूप से जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतार लिया गया।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। फिलहाल विमान की तकनीकी जांच और मरम्मत का कार्य जारी है। इस घटना में पायलट की सूझबूझ और तत्काल निर्णय से एक बड़ा हादसा टल गया। एयरपोर्ट रनवे से मरे हुए पक्षी के अवशेष भी मिले हैं, जिससे पुष्टि होती है कि यह मामला बर्ड हिट का ही था। पटना एयरपोर्ट पर पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। हाल ही में 2 जून 2025 को पटना से रांची जा रही फ्लाइट को भी पक्षी से टकराव के बाद रांची में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी।
यह भी पढ़ें: गुजरात में पुल टूटने से गाड़ियां नदी में गिरीं, मध्य गुजरात से टूटा सौराष्ट्र का संपर्क, 6 लोगों की मौत
हालांकि, इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए एयरपोर्ट प्रशासन कई उपाय अपनाता है, लेकिन उड़ान भरते समय पक्षियों की मौजूदगी हमेशा एक खतरा बनी रहती है। इंडिगो की ओर से इस घटना पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।