जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में होली के जश्न के बीच बड़ा हादसा हो गया। मंगलवार को अजमेर रोड स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में आयोजित होली सेलिब्रेशन के दौरान मंच के पास लगी स्क्वॉयर क्रेन अचानक डांस कर रहे छात्रों पर गिर गई। इस दुर्घटना में करीब 20 विद्यार्थी घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जबकि, कुछ छात्रों का इलाज अभी जारी है।

यह घटना बगरू थाना क्षेत्र में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। बगरू थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में होली के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान मंच तैयार किया गया था और छात्र-छात्राएं उस पर डांस कर रहे थे। इसी बीच पास में खड़ी स्क्वॉयर क्रेन असंतुलित होकर गिर पड़ी जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के तुरंत बाद आयोजन स्थल पर मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार, घटना दिन के समय हुई थी। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है लेकिन पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आयोजन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। खासतौर पर क्रेन लगाने के दौरान सुरक्षा इंतजामों में किसी तरह की लापरवाही तो नहीं बरती गई। आयोजन स्थल पर उपकरणों की फिटिंग, संतुलन और अनुमति संबंधी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।