मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जंक्शन के नजदीक दिल्ली से हैदराबाद जा रही जनसंपर्क क्रांति एक्सप्रेस के दो कोचों में अचानक आग लग गई। B-1 और B-4 कोच से उठते धुएं ने यात्रियों में दहशत फैला दी। हालांकि, चालक की सूझबूझ और त्वरित राहत कार्य के चलते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन जैसे ही मथुरा जंक्शन के करीब पहुंची तो यात्रियों को पहले जलने की हल्की गंध महसूस हुई। इसके बाद देखते ही देखते कोच के अंदर धुआं भरने लगा। कुछ ही मिनटों में स्थिति गंभीर हो गई और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक धुआं फैलने से लोगों को समझ नहीं आया कि क्या हो रहा है। जिसके बाद उन्होंने तुरंत ट्रेन स्टाफ को सूचना दी।
यह भी पढ़ें:MP: बुरहानपुर का बोरसर बना राज्य का पहला गाली मुक्त गांव, अपशब्द कहने पर पूरे गांव में लगानी होगी झाड़ू
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन को मथुरा जंक्शन के पास ही रोक दिया। ट्रेन रुकते ही यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। कई यात्री घबराहट में अपना सामान तक कोच में ही छोड़कर बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए तत्काल अभियान चलाया गया और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, समय पर की गई कार्रवाई के कारण बड़ा नुकसान होने से बच गया। हालांकि, कुछ कोचों को क्षति जरूर पहुंची है।
यह भी पढ़ें:मुरैना में गैस पाइपलाइन फूटने से भड़की भीषण आग, तीन लोग झुलसे
आग के दौरान धुएं की वजह से कई यात्रियों को सांस लेने में परेशानी हुई थी। वहीं, कुछ लोगों की तबीयत भी बिगड़ गई थी। उन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। एक यात्री ने बताया कि अचानक कोच में धुआं भर गया और लोग घबराकर बाहर निकलने लगे थे।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। रेलवे प्रशासन ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं और तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया है।
यह भी पढ़ें:हॉर्मुज से गुजरने वाले तेल टैंकरों से टोल वसूलेगा ईरान, 1 डॉलर प्रति बैरल तक लेने की तैयारी
इस घटना के चलते कुछ समय के लिए इस रूट पर रेल यातायात भी प्रभावित हुआ था। कई ट्रेनों को रोका गया या अन्य मार्गों से डायवर्ट करना पड़ा था। हालांकि, बाद में स्थिति सामान्य करने के प्रयास शुरू कर दिए गए थे। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।