मुंबई। अभिनेत्री कंगना रनौत की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। इस बार वो किसान आंदोलन से जुड़ी एक बुजुर्ग महिला के बारे में आपत्तिजनक ट्वीट करके विवादों में घिर गई हैं। कंगना को इस मामले में एक कानूनी नोटिस भी भेजा गया है। नोटिस में कहा गया है कि अगर उन्होंने अपने झूठे ट्वीट के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो उन पर मानहानि का केस चलाया जाएगा। 

दरअसल, कंगना ने बीते दिनों एक ट्वीट को रिट्वीट किया था, जिसमें किसान आंदोलन में शामिल पंजाब की एक बुजुर्ग महिला किसान को शाहीन बाग की दादी के नाम से मशहूर बिलकीस बानो बताया गया था। कंगना ने शर्मनाक तरीके से बुजुर्ग महिला का मजाक उड़ाते हुए लिखा था, 'हा हा हा...ये वही दादी हैं जिन्हें टाइम मैगज़ीन ने भारत के सबसे पावरफुल लोगों में शामिल किया था। ये 100 रुपये में उपलब्ध हैं। पाकिस्तान के पत्रकारों ने इंटरनेशनल पीआर को हायर कर लिया है। हमें अपने ऐसे लोग चाहिए जो हमारे लिए इंटरनेशनली आवाज उठा सकें।'

कंगना के इस ट्वीट का देशभर में विरोध हुआ। सोशल मीडिया पर भी उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। फजीहत बढ़ती देख कंगना ने इस विवादित ट्वीट को डिलीट करने में ही भलाई समझी। लेकिन अब पंजाब में ज़ीरकपुर के सीनियर वकील और सामाजिक कार्यकर्ता हाकम सिंह ने अभिनेत्री कंगना रनौत को कानूनी नोटिस भेजकर अपने ट्वीट के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

और पढ़ें: महाराष्ट्र के किसान भी अब आंदोलन से जुड़ेंगे, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने भी दिया समर्थन

हाकम सिंह ने अपने नोटिस में कहा है कि, 'एजिटेशन करना हर व्यक्ति विशेष का संवैधानिक हक है। लेकिन अपने कमेंट के कारण आप ने न सिर्फ दादी, बल्कि देश की बाकी महिलाओं का भी अपमान किया है। इसलिए आपको माफी मांगनी होगी।' हाकम सिंह ने इस नोटिस में कंगना से सात दिन के अंदर माफी मांगने के लिए कहा है। अगर वह ऐसा नहीं करती हैं तो उनपर डिफेमेशन का केस दर्ज किया जाएगा।

बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान बिलकीस दादी काफी लोकप्रिय हुई थीं। इसी की वजह से टाइम मैग्जीन ने उन्हें भारत की सौ सबसे ताकतवर महिलाओं की सूची में शामिल किया था। लेकिन जिस बुजुर्ग महिला की तस्वीर पर कंगना ने आपत्तिजनक टिप्पणी की है, उनका नाम मोहिंदर कौर है और वे पंजाब के भटिंडा की रहने वाली है। मोहिंदर के पति अस्थमा से ग्रसित हो गए थे जिसके बाद वह अकेले अपनी 13 एकड़ ज़मीन पर खेती करती हैं।