मुंबई। भारी बारिश के चलते मुंबई निचले इलाकों में पानी भर गया है। रेलवे स्टेशनों पर पानी भर जाने की वजह से रेल सेवा ठप हो गई है। पिछली रात मुंबई में तीन घंटे लगातार बारिश हुई है। मौसम विभाग ने पहले ही चार और पांच अगस्त के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया था। मौसम विभाग का कहना है कि आगे भी तेज बारिश हो सकती है। इसके चलते बीएमसी ने एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड को सतर्क रहने को कहा है। महानगर से पानी निकालने का भी काम चल रहा है।



भारी बारिश की वजह से केवल रेल सेवा ही बाधित नहीं हुई है, बल्कि महानगर के कई हाईवे भी ब्लॉक हो गए हैं। वहीं मौसम विभाग ने मछुआरों को भी चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने कहा है कि चार से छह अगस्त के बीच 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं समुद्र में पांच मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं।





शहर के हिंदमाता, शिवाजी चौक, दादर, गोरेगांव, शेल कॉलोनी, कुर्ला जैसे इलाके पूरी तरह से जाम हैं। मुंबई के अलावा पुणे, रायगढ़, ठाणे और रत्नागिरी के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया गया है।