मुंबई। टीआरपी स्कैम मामले में रिपब्लिक टीवी के एंकर अर्णब गोस्वामी की मुश्किलें अब बढ़ने वाली हैं। मुंबई पुलिस ने पत्रकार को टीआरपी घोटाले में आरोपी बना दिया है। मुंबई पुलिस ने अर्णब गोस्वामी का नाम चार्जशीट में शामिल कर लिया है। मुंबई पुलिस ने यह चार्जशीट किला कोर्ट में दायर कर दी है।  

अर्णब गोस्वामी के साथ साथ ARG outlier ग्रुप के चार अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। अब तक पुलिस इस मामले में 15 लोगों को आरोपी बना चुकी है। जिसमें BARC के पूर्व सीईओ पार्थो दासगुप्ता और रिपब्लिक टीवी के सीईओ विकास खानचंदानी का नाम भी है। पुलिस ने किला कोर्ट में कुल 1800 पन्नों की चार्जशीट दायर की है।  

यह भी पढ़ें : अर्णब गोस्वामी पर संगीन आरोप, TRP में हेराफेरी के लिए दासगुप्ता को दी लाखों की रिश्वत

दरअसल अर्णब गोस्वामी पर आरोप यह है कि उन्होंने टीआरपी में हेराफेरी के लिए BARC के सीईओ पार्थो दासगुप्ता को मोटी रकम दी थी। आरोप के मुताबिक अर्णब गोस्वामी ने पार्थो दासगुप्ता को इसके लिए करीब 40 लाख रुपए रिश्वत के तौर पर दिए थे। इसके साथ ही अर्णब ने पार्थो की दो विदेश यात्राओं पर 12 हज़ार डॉलर भी अपनी जेब से खर्च किए थे। कुल मिलाकर अर्णब ने 48 लाख से अधिक की रकम पार्थो दासगुप्ता पर खर्च की थी।