चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत पर नवजोत सिंह सिद्धू ने बधाई दी है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने हार स्वीकारते हुए कहा है कि जनता की आवाज़ ही भगवान की आवाज़ होती है और वे पंजाब की जनता के फैसले को स्वीकारते हैं। 



नवजोत सिंह सिद्धू ने आम आदमी पार्टी को अपने ट्विटर हैंडल पर जीत की बधाई देते हुए कहा कि जनता की आवाज़ भगवान की आवाज़ है। हम विनम्रतापूर्वक पंजाब की जनता के फैसले को स्वीकार करते हैं। आम आदमी पार्टी को बधाई। 





पंजाब विधानसभा चुनाव के परिणामों में आम आदमी पार्टी को बड़ी जीत हासिल हुई है। आम आदमी पार्टी राज्य की 117 विधानसभा सीटों में से 90 से अधिक सीटों पर बढ़त हासिल की है। दूसरे नंबर पर कांग्रेस पार्टी है। हालांकि परिणामों में सीएम चन्नी दोनों सीटों से पिछड़ गए हैं। नवजोत सिंह सिद्धू भी अपनी सीट पर पिछड़ गए हैं। वहीं कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला से चुनाव हार गए हैं। 



विधानसभा चुनावों के रुझान से आम आदमी पार्टी की जीत लगभग तय हो चुकी है। आम आदमी पार्टी के खेमे में जश्न की शुरुआत भी हो गई है। भगवंत मान का मुख्यमंत्री बनना तय हो गया है। आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान को चुनाव से पहले अपना सीएम चेहरा घोषित कर दिया था।