नई दिल्ली। राज्यसभा के लिए बीजेपी ने नौ उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन बिहार से राज्यसभा जाएंगे। बिहार से पार्टी ने एक और प्रत्याशी मैदान में उतारा है। पार्टी ने शिवेश कुमार को उम्मीदवार बनाया है।
असम से पार्टी ने तेराश गोवाला और जोगेन मोहन को उम्मीदवार बनाया है। जबकि छत्तीसगढ़ से भाजपा ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया है। हरियाणा से संजय भाटिया को राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है।
ओडिशा से भी भाजपा ने दो नामों की घोषणा की है। इनमें प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल और सुजीत कुमार शामिल हैं। पश्चिम बंगाल से भाजपा ने राहुल सिन्हा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
राज्यसभा चुनाव 2026 की नामांकन प्रक्रिया में केवल एक दिन बाकी है। बिहार की 5 सीटों के लिए एनडीए और आरजेडी के बीच मुकाबला है। बिहार समेत 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को चुनाव होने हैं।
बिहार की 5 सीटों के लिए अधिसूचना 26 फरवरी को जारी हुई थी। नामांकन की आखिरी तारीख 5 मार्च है। 3 और 4 मार्च को होली की छुट्टी के कारण नामांकन के लिए केवल 5 मार्च का दिन बाकी बचा है।
बिहार से जिन 5 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है, उनमें राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर, प्रेमचंद्र गुप्ता, अमरेंद्र धारी सिंह और उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं। इनमें हरिवंश और रामनाथ ठाकुर जेडीयू, प्रेमचंद्र गुप्ता और अमरेंद्र धारी आरजेडी और उपेंद्र कुशवाहा रालोमो के प्रतिनिधि हैं।