पटना। जन अधिकार पार्टी के प्रमुख पप्पू यादव बीती रात हादसे के शिकार हो गए। मुबारकपुर कांड के पीड़ितों से मिलने के बाद वापस लौटने के दौरान पप्पू यादव का काफिला हादसे का शिकार हो गया। हादसे में कई गाड़ियों के परखच्चे तक उड़ गए। वहीं कई नेता इस हादसे में घायल हो गए। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हादसा सोमवार देर रात आरा बक्सर फोर लेन पर हुआ। पप्पू यादव का काफिला सारण की ओर से आ रहा था। इसी दौरान एक ट्रक के ओवरटेक करने के चलते काफिले की कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। वहीं एक गाड़ी सड़क किनारे जाकर पलट गई। 

हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। हालांकि दो जाप नेताओं के पैर टूट गए हैं। जबकि एक नेता के सिर पर चोट आई है। वहीं सुरक्षा में तैनात दो जवान भी घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। 

हाल ही में सारण के मुबारकपुर में अमितेश राजपूत नामक एक युवक की हत्या हो गई थी। हत्या का आरोप स्थानीय मुखिया विजय यादव पर है। विजय यादव ने अपने साथियों के साथ अमितेश सहित तीन युवकों की बंद कमरे में पिटाई की थी। जिस दौरान अमितेश की मौत हो गई थी। विकास यादव ने कहा था कि अमितेश अपने साथियों के साथ उसकी हत्या की साजिश रच रहा था। विजय यादव इस घटना के बाद से ही फरार चल रहा है।