नई दिल्ली। लोकसभा में बुधवार को 12 घंटे की चर्चा के बाद वक्फ संशोधन बिल पास हो गया। रात 2 बजे हुई वोटिंग में 520 सांसदों ने भाग लिया। 288 सांसदों ने बिल के पक्ष में और 232 ने बिल के विपक्ष में वोट डाले। इसे लेकर कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। 

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बैठक में कहा कि वक्फ संशोधन बिल सिर्फ साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण के लिए है। आज देश की अर्थव्यवस्था बुरी हालत में है। चीन से इम्पोर्ट काफी बढ़ गया है। जीरो ऑवर में वे विपक्षी राज्य सरकारों पर हमला करते हैं, हमको वहीं उसका जवाब देना होगा। वक्फ संशोधन विधेयक संविधान पर एक हमला है।

यह भी पढ़ें: वक्फ संशोधन बिल आज राज्यसभा में पेश होगा, देर रात लोकसभा से पास, समर्थन में पड़े 288 वोट

सोनिया गांधी ने विधेयक और उसे पारित कराने के लिए सरकार की ओर से दिखाई गई जल्दबाजी की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह विधेयक जबरन पास कराया गया है, इसे थोपा गया है। हमारी पार्टी का रुख स्पष्ट है। यह विधेयक संविधान पर एक हमला है। यह हमारे समाज को स्थायी रूप से ध्रुवीकृत रखने की भाजपा की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।

लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पारित किए जाने के कुछ घंटों बाद कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में कांग्रेस सांसदों को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार देश को रसातल में धकेल रही है। सरकार शिक्षा, नागरिक अधिकार, लोगों की स्वतंत्रता, हमारे संघीय ढांचे, या चुनाव का संचालन हो, किसी को भी बख्श नहीं रही है। अब हमारा संविधान केवल कागजों पर रह जाएगा। हम जानते हैं कि उनका इरादा उसे भी ध्वस्त करने का है।

बैठक में सांसदों से सोनिया ने कहा, 'हम सभी के लिए यह जरूरी है कि हम सही और न्याय के लिए लड़ते रहें। मोदी सरकार की विफलता को उजागर करें। सरकार हर चीज पर नजर रखना चाह रही है। हमें इसे लोगों के सामने लाना होगा।' बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत सभी पार्टी सांसद मौजूद थे।

संसद के दोनों सदनों के कामकाज पर बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेताओं को बोलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। सत्ता पक्ष अक्सर कांग्रेस को अपने मुद्दे उठाने की अनुमति न देने के लिए व्यवधान पैदा करता रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सदस्य कांग्रेस शासित राज्य सरकारों पर पूरी तरह झूठ बोलकर आक्रामक तरीके से निशाना साधते हैं। उन्होंने पार्टी सांसदों से आग्रह किया कि वे भी इसी तरह आक्रामक होकर भाजपा शासित राज्यों में विफलताओं और कुशासन को सामने लाएं।