कटनी। मध्य प्रदेश में सरकारी खाद्यान्न के परिवहन में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। कटनी से हरदा, इंदौर और नीमच के लिए भेजा गया करीब चार करोड़ रुपये कीमत का फोर्टिफाइड चावल एक साल बाद भी संबंधित जिलों तक नहीं पहुंचा। चावल की खेप लेकर रवाना हुए 32 ट्रकों की गंतव्य तक पहुंचने की पुष्टि करने वाले रिकॉर्ड सामने नहीं आए हैं। हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े मामले में एक साल बीत जाने के बाद भी न तो जांच पूरी हो सकी है और न ही जिम्मेदारों पर कोई ठोस कार्रवाई हुई है।
जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2025 में मध्य प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (नान) की ओर से कटनी से तीन जिलों के लिए फोर्टिफाइड चावल की खेप रवाना की गई थी। इसमें इंदौर के लिए 8 ट्रकों में 2,641 क्विंटल, हरदा के लिए 14 ट्रकों में 4,763 क्विंटल और नीमच के लिए 10 ट्रकों में 3,569 क्विंटल चावल भेजा गया था। इस तरह कुल 32 ट्रकों में 10,973 क्विंटल चावल परिवहन के लिए रवाना किया गया था।
करीब 4 हजार रुपये प्रति क्विंटल की दर से इस खाद्यान्न की कीमत लगभग चार करोड़ रुपये आंकी गई है। यह चावल सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत पात्र हितग्राहियों को वितरित किया जाना था। लेकिन अब तक संबंधित जिलों में इसकी प्राप्ति की पुष्टि नहीं हो पाई है।चावल के परिवहन की जिम्मेदारी भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को सौंपी गई थी। बताया गया है कि तत्कालीन जिला प्रबंधक देवेंद्र तिवारी की निगरानी में चावल से लदे ट्रकों को रवाना किया गया था। इसके बावजूद 32 ट्रकों की खेप अपने निर्धारित गंतव्य तक कैसे नहीं पहुंची, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
इस पूरे मामले में परिवहन एजेंसी की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। जांच का विषय है कि ट्रकों को वास्तव में रवाना किया गया था या परिवहन के नाम पर सिर्फ कागजों में ही आवाजाही दिखाई गई। यदि ट्रक रवाना हुए थे तो रास्ते में सरकारी खाद्यान्न कहां गया? क्या वाहनों की GPS लोकेशन की निगरानी की गई थी? क्या संबंधित जिलों के गोदामों में चावल की प्राप्ति दर्ज हुई थी और बिना प्राप्ति रसीद के परिवहन बिलों का भुगतान किया गया? इन सवालों के जवाब अब तक सामने नहीं आए हैं।
परिवहन एजेंसी की साझेदारी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, फर्म में तीन साझेदार हैं, जिनमें चाकघाट और छतरपुर के दो लोगों के अलावा विभाग से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी का नाम भी सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में परिवहन एजेंसी के स्वामित्व और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
मामले का एक और गंभीर पहलू यह है कि करीब एक साल पुराने इस प्रकरण में अब तक जांच पूरी नहीं हो पाई है। तत्कालीन जिला प्रबंधक के स्थानांतरण के बाद विभाग में नियमित जिला प्रबंधक की पदस्थापना भी नहीं हुई। फिलहाल जिला आपूर्ति अधिकारी रविकांत ठाकुर प्रभारी जिला प्रबंधक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
मामले को लेकर कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा है कि प्रकरण उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है। वहीं, प्रभारी जिला प्रबंधक रविकांत ठाकुर का कहना है कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही प्रभार संभाला है। मामला करीब एक साल पुराना है। संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई जाएगी और तीनों जिलों से जानकारी मंगवाई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए भेजे गए 10,973 क्विंटल सरकारी चावल का हिसाब कौन देगा? क्या करोड़ों रुपये के इस खाद्यान्न का परिवहन केवल कागजों में हुआ या फिर रास्ते में ही इसकी हेराफेरी कर दी गई? एक साल बाद भी इन सवालों के जवाब नहीं मिलना विभागीय निगरानी और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।