कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के दिग्गज नेता व पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री साधन पांडे का निधन हो गया। उन्होंने 71 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। पांडे के निधन से पश्चिम बंगाल के सियासी गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी में उनके निधन पर शोक जताया है।

सीएम ममता बनर्जी ने एक ट्वीट में लिखा कि, 'हमारे वरिष्ठ सहयोगी, पार्टी नेता और कैबिनेट मंत्री साधन पांडे का आज सुबह मुंबई में निधन हो गया। लंबे समय से उनसे एक अद्भुत रिश्ता था। इस नुकसान पर गहरा दुख हुआ। उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।' साधन पांडे के निधन पर कोलकाता के सभी सरकारी कार्यालयों में तिरंगा आधे झुका हुआ रखने का निर्णय बंगाल सरकार ने लिया है।

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने भी शोक व्यक्त किया है। धनखड़ ने ट्वीट किया, 'बेहद दुखद समाचार। वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री साधन पांडे की आज सुबह मुंबई में निधन से गहरा दुख हुआ। राजनीति से परे उनके साथ अद्भुत संबंध और व्यक्तिगत संबंध रहे थे। उनके परिवार, दोस्तों और अनुयायियों के प्रति हार्दिक संवेदना। ओम शांति।'

जानकारी के मुताबिक साधन पांडे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। कई सालों पहले उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। पिछले साल जुलाई में भी उन्हें फेफड़ों में गंभीर संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सीने में दर्द और सांस फूलने की शिकायत के बाद पांडे को देर रात अर्धबेहोशी की अवस्था में अस्पताल ले जाया गया था। इलाज के दौरान रविवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।

बता दें कि साधन पांडे पिछले चार दशक से राजनीति में सक्रिय रहे थे। वह पहले कांग्रेस के नेता थे, लेकिन ममता बनर्जी के द्वारा टीएमसी के गठन के बाद वह टीएमसी से जुड़ गये थे। वे आठ बार विधायक रह चुके हैं। वर्तमान में वह ममता बनर्जी की सरकार में उपभोक्ता मामलों का मंत्रालय संभाल रहे थे।