ब्रसेल्स। किम नाम आपमे अजीबोगरीब कारनामों की वजह से अक्सर दुनियाभर की सुर्खियों में रहता है। हालांकि, इस बार उत्तर कोरिया के तानाशाह नहीं बल्कि किसी और किम की चर्चाएं हैं। यह किम एक दो साल की रेसिंग कबूतरी यानी मादा कबूतर है जिसका दाम 14 करोड़ रुपए से भी ज्यादा है।
जी हां, 14 करोड़ से भी ज्यादा दाम है इस कबूतर का। इस रेसिंग कबूतर के लिए 19 लाख डॉलर यानी 14 करोड़ रुपये की भारी-भरकम बोली एक ऑनलाइन नीलामी के दौरान लगाई गई। इतने पैसों में तो आप मुंबई या दिल्ली जैसे महानगरों में कई शानदार फ्लैट खरीद सकते हैं।
इस नीलामी के साथ ही किम ने दुनिया के सबसे महंगे कबूतर होने का तमगा भी हासिल कर लिया है। पहले इसे 237 डॉलर पर नीलामी के लिए रखा गया था, लेकिन चीन के एक व्यक्ति ने इसे 19 लाख डॉलर में खरीद लिया। रेसिंग कबूतर किम को पालने वाले कुर्त वाउवर और उनका परिवार नीलामी की रकम सुनकर हैरत में पड़ गए।
पिछले कुछ सालों में चीन में कबूतरों की रेस काफी लोकप्रिय हो रही है। रेसिंग कबूतरों के बच्चों के लिए भी लोग एक से बढ़कर एक बोलियां लगाकर कबूतर खरीद रहे हैं। इन कबूतरों पर अरबों रुपए के ऑनलाइन सट्टे लगते हैं। यूरोपीय देशों में भी कबूतरों की रेस घोड़े के रेस से ज्यादा लोकप्रिय हो रही है।