बुरहानपुर। ताजमहल को प्यार की निशानी कहा जाता है, यही वजह है कि लोग इसकी फोटो या मूर्ति तोहफे में देना पसंद करते हैं। लेकिन बुरहानपुर के एक शख्स की दीवानगी इतनी की उसने अपनी पत्नी के लिए ताजमहल जैसा घर ही बनवाकर गिफ्ट कर दिया। यह घर सफेद संगमरमर से तैयार किया गया है। जो की हूबहू ताजमहल की तरह ही नजर आता है।
आनंद चौकसे ने घर बनवाने से पहले ताजमहल के बारे में रिसर्च की, वहां जाकर हर जगह का मुआय़ना किया। ताजमहल की नक्काशी, वास्तुकला, पत्थरों का बारीकी से अध्ययन किया। इस काम में उनका साथ उनकी पत्नी मंजूषा ने बखूबी दिया।
इस घर को आगरा के ताजमहल का रंग रूप देने वाले आनंद प्रकाश का कहना है कि वे अपनी पत्नी को प्यार की निशानी के तौर पर कुछ देना चाहते थे। तभी उनके मन में आगरा के ताज महल का ख्याल आया। उन्हें लगा की ताजमहल उनके शहर बुरहानपुर में क्यों नहीं हो सकता। मुगल इतिहासकारों का दावा है कि शाहजहां की बेगम मुमताज़ की मौत बुरहानपुर में हुई थी पहले शाहजहां ने ताजमहल का निर्माण करवाने के लिए ताप्ती नदी का किनारा पसंद किया था। लेकिन बाद में उसने यमुना के किनारे विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का निर्माण करवाया।
आनंद की मानें तो उन्हें इस बात का मलाल था कि बुरहानपुर में ताजमहल क्यों नहीं है। अब आखिरकार उन्होंने अपनी पत्नी के लिए ताजमहल की तरह दिखने वाला खूबसूरत घर गिफ्ट किया है।आनंद प्रकाश चौकसे बुरहानपुर के जानेमाने शिक्षाविद् हैं। उनकी पत्नी मंजूषा चौकसे यह खास गिफ्ट पाकर फूली नहीं समा रही हैं।