नई दिल्ली। इस साल राजीव गांधी खेल रत्न अवार्ड के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा का नाम भी नामांकित किया गया है। नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड के लिए बनाई गई चयन समिति द्वारा रोहित शर्मा के नाम खेल रत्न अवार्ड के लिए प्रस्तावित कर दिया गया है। रोहित शर्मा के साथ साथ चयन समिति ने रेस्लर वीनेश फोगाट, टेबल टेनिस चैंपियन मनिका बत्रा, पैरालंपियन मरियप्पन थांगावेलु के नाम की भी सिफारिश राजीव गांधी खेल रत्न के लिए की है। 

बता दें कि पिछले कुछ समय से रोहित शर्मा शानदार बल्लेबाज़ी कर रहे हैं। रोहित शर्मा एकदिवसीय मैचों में तीन दोहरे शतक जमाने वाले इकलौते क्रिकेटर हैं। रोहित शर्मा ने पिछले साल इंगलैंड में हुए वर्ल्ड कप में भी शानदार बल्लेबाज़ी की थी।रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में अब तक 49.27 की औसत से 9115 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा ने वनडे में 29 तो टेस्ट मैचों में 6 शतक बनाए हैं। वहीं टी ट्वेंटी मैचों में रोहित शर्मा ने 32.24 की औसत से 2,773 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा ने फटाफट क्रिकेट में चार शतक भी लगाए हैं।

सम्मान पाने वाले चौथे क्रिकेटर होंगे रोहित शर्मा 
राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार पाने वाले रोहित शर्मा भारतीय क्रिकेट टीम के चौथे क्रिकेटर होंगे। राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार खेल के क्षेत्र में दिया जाने वाला सबसे बड़ा सम्मान है। यह पुरस्कार हर वर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्वारा दिया जाता है। रोहित शर्मा से पहले सचिन तेंदुलकर(97-98), महेंद्र सिंह धोनी(2007), विराट कोहली (2018) इस पुरस्कार को प्राप्त कर चुके हैं। 

राजीव गांधी खेल रत्न की शुरुआत वर्ष 1991 में शुरू हुई थी। यह पुरस्कार महान हॉकी खिलाड़ी ध्यानचंद की जन्मतिथि ( 29 अगस्त ) के अवसर पर दिया जाता है। इसी दिन ध्यानचंद की याद में राष्ट्रीय खेल दिवस होता है। राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार पाने वाले पहले खिलाड़ी चेस चैंपियन विश्वनाथन आनंद थे।