रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक मोबाइल स्नैचिंग का शिकार हो गए। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक के दौरान बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। यह घटना ऐसे समय हुई है जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। जिसकी वजह से राजधानी में कानून व्यवस्था हाई अलर्ट पर है। इस वारदात के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, धरमलाल कौशिक सोमवार सुबह अपने आवास से रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी ब्रिज और शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास हुई। बताया जा रहा है कि कौशिक अकेले पैदल चल रहे थे तभी बाइक पर आए दो बदमाश तेजी से उनके पास पहुंचे और हाथ में रखा मोबाइल झपटकर फरार हो गए। पूरी घटना इतनी जल्दी हुई कि कौशिक को संभलने का मौका तक नहीं मिल सका।

यह भी पढ़ें:हरदा में पानी के लिए किसानों का अनोखा विरोध प्रदर्शन, सूखी नहर में किया हनुमान चालीसा का पाठ

घटना के तुरंत बाद कौशिक ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों ने वारदात से पहले इलाके की रेकी की हो सकती है। फिलहाल पुलिस अलग अलग एंगल से  मामले की जांच कर रही है और दावा कर रही है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तंज कसते हुए लिखा कि आप डायल 112 को झंडी दिखाते रहिए, उधर धरमलाल कौशिक जी का मोबाइल छीनकर चोर 9-2-11 हो गए। उन्होंने आगे कहा कि जिस समय केंद्रीय गृह मंत्री राज्य में मौजूद हैं उस दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले एक वरिष्ठ नेता के साथ ऐसी घटना होना कथित सुशासन पर सवाल खड़ा करता है।

यह भी पढ़ें:सासाराम स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, एक हफ्ते में ट्रेनों में आग लगने की यह तीसरी घटना

वहीं, कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने भी रायपुर कमिश्नरेट सिस्टम की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजधानी में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं और हाई अलर्ट के बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उनके मुताबिक, कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद अपराध नियंत्रण की बजाय पुलिस चालान काटने में ज्यादा व्यस्त दिखाई दे रही है। धरमलाल कौशिक छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। वे बिलासपुर जिले की बिल्हा विधानसभा सीट से विधायक हैं और इससे पहले वह विधानसभा अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। साल 2023 के विधानसभा चुनाव में वे चौथी बार विधायक चुने गए थे।