रायपुर। कोरोना काल के बाद से देशभर में हार्ट अटैक के मामलों में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई है। स्थिति यह है कि पूर्णत: स्वस्थ लोग भी हार्ट अटैक की चपेट में आकर जिंदगी गंवा दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां एक 14 साल के बच्चे की हार्ट अटैक से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सुकमा जिले के छिंदगढ़ ब्लॉक मुख्यालय में रोज की तरह रविवार की सुबह भी 14 साल का मोहम्मद फैजल निखिल फुटबॉल खेलने मैदान पहुंचा था। जैसे ही उसने वॉर्मअप शुरू किया, अचानक वह मैदान पर गिर पड़ा। साथी खिलाड़ी घबरा गए। इसके बाद तुरंत उसे छिंदगढ़ अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों ने बताया कि शुरुआती लक्षण के मुताबिक बच्चे की मौत हार्ट अटैक से हुई है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही इसकी पुष्टि की जा सकेगी। फैजल छिंदगढ़ स्थित आत्मानंद स्कूल में 9वीं कक्षा का छात्र था। पढ़ाई के साथ-साथ वह खेलों में भी बेहद सक्रिय था।
हाल ही में आयोजित बस्तर ओलंपिक प्रतियोगिता में उसने मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। नियमित अभ्यास, फिटनेस पर ध्यान और अनुशासन, यही उसकी पहचान थी। रविवार को भी वह हमेशा की तरह समय पर मैदान पहुंचा था।
अचानक मिली इस सूचना ने परिवार के होश उड़ा दिए। जो बच्चा रोज मुस्कुराते हुए घर से मैदान जाता था, वही कुछ ही समय में अस्पताल से निर्जीव लौट आया। मैदान में साथ खेलने वाले बच्चों ने बताया कि फैजल पूरी तरह फिट दिख रहा था। वह रोज सबसे पहले आता था, दौड़ता था, एक्सरसाइज करता था। कभी सांस फूलने या कमजोरी की कोई शिकायत नहीं की। अचानक हुई इस मौत ने सभी को हैरान और स्तब्ध कर दिया है।