कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक युवक की आत्महत्या का मामला सामने आया है। उरगा थाना क्षेत्र के पताड़ी गांव के पास रहने वाले एक युवक ने कथित पुलिस प्रताड़ना से परेशान होकर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो बनाकर अपने दोस्तों को भेजा जिसमें उसने खुद को मानसिक दबाव में बताते हुए पुलिसकर्मियों द्वारा गाली-गलौज और थाने बुलाने की बात कही थी। हालांकि, पुलिस जांच में बाद में मामला नया मोड़ लेता दिखा और पता चला कि युवक को असल में पुलिस ने नहीं बल्कि एक व्यक्ति ने पुलिस बनकर फोन पर धमकाया था। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मृतक की पहचान जांजगीर चांपा जिले के चोरभट्टी गांव निवासी 21 वर्षीय सनत कश्यप के रूप में हुई है। सनत उरगा थाना क्षेत्र के पताड़ी के पास स्थित अशोक लीलैंड कंपनी के वर्कशॉप में मैकेनिक के रूप में काम करता था। कंपनी की ओर से उसे रहने के लिए कमरा दिया गया था जहां वह अपने रूम पार्टनर धीरेंद्र पाटले के साथ रहता था।
यह भी पढ़ें:170 दिन बाद आखिरकार रिहा होंगे सोनम वांगचुक, लद्दाख प्रदर्शन के दौरान NSA के तहत किया गया था गिरफ्तार
घटना से पहले सनत कश्यप ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था जिसे उसने अपने दोस्तों के साथ साझा किया था। इस वीडियो में वह बेहद तनाव में दिखाई दे रहा था। उसने कहा था कि उसे घर वालों की तरफ से कोई परेशानी नहीं है लेकिन जांजगीर चांपा के पंतोरा थाने की पुलिस ने फोन कर उससे गाली गलौज की और थाने बुलाया है। वीडियो में उसने यह भी कहा कि धीरेंद्र को भगाने में उसका कोई हाथ नहीं है और वह बेवजह परेशान किया जा रहा है जिससे वह काफी तनाव में है।
दरअसल पूरा मामला सनत के रूम पार्टनर धीरेंद्र पाटले के एक युवती के साथ घर से जाने से जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, धीरेंद्र गेवरा क्षेत्र की एक युवती के साथ भाग गया था। युवती के घर से लापता होने के बाद उसके परिजनों ने जांजगीर चांपा जिले के पंतोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस युवती और धीरेंद्र की तलाश कर रही थी।
यह भी पढ़ें:SBI में 2.78 करोड़ का गबन, बैंक मैनेजर ने सिस्टम से छेड़छाड़ कर पत्नी के खाते में भेजी राशि
इसी दौरान युवती के भाई सचिन खरे को संदेह हुआ कि धीरेंद्र का दोस्त सनत कश्यप इस मामले में जानकारी रखता होगा। आरोप है कि सचिन खरे ने धीरेंद्र के भाई शैलेन्द्र पाटले के मोबाइल नंबर से सनत को फोन किया और खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताकर उससे बात की। फोन पर उसने सनत को डांटते हुए गाली गलौज की और थाने आने के लिए कहा। इस कॉल के बाद सनत काफी घबरा गया और मानसिक तनाव में आ गया था। पुलिस के मुताबिक, इसी तनाव के कारण सनत ने पहले वीडियो बनाकर अपनी बात कही और बाद में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें:गैस किल्लत के बीच बढ़ी इंडक्शन चूल्हों की मांग, चार दिनों में 5 लाख यूनिट्स से ज्यादा बिक गए
जांच के दौरान पुलिस ने युवती के भाई सचिन खरे (30 को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसी ने पुलिस बनकर सनत को फोन किया था। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ बलौदा थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 204 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, उसकी बहन की गुमशुदगी की रिपोर्ट कुसमुंडा थाने में दर्ज की गई है। सनत कश्यप अपने परिवार में चार भाइयों में सबसे छोटा था। घटना की खबर मिलते ही उसके परिजन कोरबा पहुंचे। वहीं, उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।