भोपाल। राजधानी भोपाल में शनिवार तड़के गैंगवार के घटना की खबर सामने आई है। शहर के अशोका गार्डन इलाके में कुख्यात बदमाश लल्लू रईस के घर पर शादाब गेट और उसके गिरोह के 8 से 10 लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में लल्लू रईस का बेटा इमरान घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। गोलीबारी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल इमरान को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया जहां भी हमलावरों के घुसकर फायरिंग की।
जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे की है। लल्लू रईस का कहना है कि शादाब गेट, शावर, गुड्डू स्टेशन और अल्लू परवेज समेत करीब 8 से 10 लोग शंकर गार्डन स्थित उनके घर पहुंचे थे। आरोप है कि आरोपी उनके बेटे इमरान का पीछा करते हुए घर तक आए थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही इमरान घर के पास पहुंचा वैसे ही हमलावरों ने पीछे से उस पर गोली चला दी। जान बचाने के लिए वह तुरंत घर के अंदर घुस गया और गेट बंद कर लिया। इसी दौरान चली एक गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई जिससे वह घायल हो गया।
घायल इमरान को तुरंत इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया। लल्लू रईस का आरोप है कि आरोपी वहां भी पीछा करते हुए अस्पताल पहुंच गए और परिसर में घुसकर फायरिंग की। इस दौरान अस्पताल परिसर में अफरा तफरी मच गई। गोली अस्पताल की खिड़की और दीवार पर लगी। हालांकि, इस हमले में कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ। लल्लू रईस का कहना है कि अस्पताल में भी उन पर फायरिंग की गई लेकिन वह बाल-बाल बच गए।
लल्लू रईस के अनुसार, इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश है। उनका कहना है कि करीब दो साल पहले उनके बेटे इमरान ने शादाब गेट के भाई पर हमला किया था। उस दौरान उसकी उंगलियां कट गई थीं। उसी घटना का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया। लल्लू रईस ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर शहर के अलग-अलग इलाकों में जुआ और सट्टे का अवैध कारोबार चलाते हैं। उनका दावा है कि वह इन गतिविधियों के वीडियो बनाकर उजागर करते रहे हैं। जिसके बाद पुलिस कार्रवाई करती है और उनका कारोबार प्रभावित होता है। इसी वजह से आरोपी उन्हें और उनके परिवार को निशाना बना रहे हैं।
यह भी पढ़ें:सिंगरौली स्थित अडाणी पॉवर प्लांट में मजदूर की मौत, आक्रोशित श्रमिकों ने किया उग्र प्रदर्शन
घटना को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामला अशोका गार्डन और कोहेफिजा थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है इसलिए दोनों थानों की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। एसीपी अनिल बाजपेयी ने बताया कि हमीदिया अस्पताल सहित आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।