अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमगला से रविवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। अंडा नहीं मिलने से नाराज एक युवक गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी देर तक समझाइश देने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, टावर पर चढ़ने वाले युवक की पहचान ग्राम जमगला निवासी शिव शंकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसे प्रतिदिन अंडा खाने की आदत है। रविवार को अंडा नहीं मिलने पर वह नाराज हो गया और सीधे गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को ऊंचाई पर देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद लखनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने धैर्यपूर्वक युवक से बातचीत की और काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। आखिरकार युवक उनकी बात मान गया और सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे पहले सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर थाना परिसर में लगे रेडियो टावर पर एक युवती चढ़ गई थी। वह अपने प्रेमी को वापस बुलाने की मांग पर अड़ी हुई थी। उस मामले में भी पुलिस और स्थानीय लोगों ने समझाइश देकर युवती को सुरक्षित नीचे उतारा था।