जगदलपुर। जिले के नगरनार इलाके में पुलिस ने गांजे की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने 1280 किलो गांजा बरामद किया है। यह गांजा बड़े शातिर तरीके से चावल की बोरियों में छिपाकर रखा गया था। इस गांजे का बाजार मूल्य करीब 64 लाख रुपए आंका गया है। पुलिस ने ट्रक समेत गांजा जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का रहने वाला है। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि वह ओडिशा से गांजे की खेप लाकर उत्तरप्रदेश में बेचने वाला था। वहीं कुछ गांजा छत्तीसगढ़ में भी डिलिवर करना था।

पुलिस ने यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की है। पुलिस को खबर मिली थी कि एक ट्रक में गांजे की बड़ी खेप छत्तीसगढ़ लाई जा रही है। जिसके बाद पुलिस ने ओडिशा सीमा पर नाकेबंदी की। गाड़ियों की चेकिंग के दौरान ट्रक चालक की संदिग्ध हरकत देखकर पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने उसे रोककर चेकिंग की तो मामले का खुलासा हुआ।  

यह पहला मौका नहीं है जब इतनी बड़ी मात्रा में छत्तीसगढ़ में गांजा पकड़ाया है। इससे पहले अक्टूबर में गरियाबंद से डेढ़ करोड़ से ज्यादा के गांजे की खेप पकड़ाई थी। उस दौरान पुलिस ने 2 तस्करों को गिरफ्तार किया था। उस दौरान भी यह गांजा ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था।