इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में पीने के पानी में सीवरेज मिलने का एक और मामला सामने आया है। भागीरथपुरा के बाद अब वार्ड नंबर 16 स्थित महावीर नगर में दूषित पानी की सप्लाई होने की आशंका जताई गई है। गंदा पानी पीने से अब तक 10 लोगों के बीमार होने की जानकारी मिली है। प्रभावित लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और घबराहट जैसी शिकायतें हैं। शुरुआती जांच में इलाके के एकमात्र बोरवेल में सीवरेज का पानी मिलने की संभावना जताई गई है। जिसकी वजह से दूषित पानी घरों तक पहुंचा।

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और एक एनजीओ की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण कर बोरवेल और पेयजल आपूर्ति की जांच शुरू कर दी है। पानी के नमूने एकत्र कर लैब परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में सफाई और जरूरी मरम्मत का कार्य भी शुरू कर दिया गया है ताकि समस्या को जल्द नियंत्रित किया जा सके।

स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर घर-घर सर्वे अभियान शुरू किया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्यकर्मी लोगों को ओआरएस के पैकेट और आवश्यक दवाइयां वितरित कर रहे हैं। इसके अलावा बीमार लोगों की पहचान कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

महावीर नगर की निवासी सीमा साबले ने बताया कि पिछले दो से चार दिनों से उनके परिवार के सदस्यों को पेट दर्द, उल्टी और घबराहट जैसी परेशानियां हो रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि पानी की नियमित निगरानी और समय पर जांच होती तो हालात इतने गंभीर नहीं बनते।

दूषित पानी के असर से एक बच्ची की तबीयत अधिक बिगड़ने पर उसका इलाज गुजरात में कराया जा रहा है। फिलहाल नगर निगम ने क्षेत्र के लोगों से उबालकर पानी पीने और पूरी सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार इलाके में निगरानी और राहत कार्य में जुटी हुई हैं।