सुकमा। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों का एक्शन लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज यानी गुरुवार को एक बार फिर से सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच गोलीबारी जारी है। जिले के गादीरास थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। सुरक्षा बलों ने इस जारी मुठभेड़ में 5 लाख की इनामी महिला नक्सली बूस्की नुप्पो को मार गिराया है।
सुरक्षा बलों को जानकारी मिली थी कि गुफड़ी और पेरमापारा के बीच जंगलों के बीच कुछ माओवादी सक्रीय हैं। जिसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि डीआरजी टीम और माओवादियों के बीच मुठभेड़ शुरु हो गई। जिसमें 5 लाख की इनामी राशी वाली महिला नक्सली बूस्की नुप्पों मारी गई। महिला नक्सली का शव मुख्यालय लाया जा रहा है।
साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि सुरक्षा बलों के हाथों मारी गई इस महिला नक्सली के पास से भारी मात्रा में विस्फोटक और बड़े हथियार बरामद हुए हैं। महिला नक्सली के पास मुठभेड़ स्थल से 315 बोर रायफल, 5 315 रायफल की जिंदा कारतूस, एक वायरलेस सेट, आठ डेटोनेटर, 10 मीटर कोर्डेक्स वायर, चार जिलेटिन रॉड, एक पिट्ठू, बारूद, रेडियो, बंडा नक्सल साहित्य और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद हुई है।
जिस महिला नक्सली को सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में मार गिराया उसकी पहचान मलांगीर एरिया कमेटी की सदस्य बुस्की नुप्पो के रूप में हुई है। वह सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों में नौ मामलों में वांटेड थी। पुलिस ने उसपर 5 लाख रुपयों का इनाम रखा था। बता दें कि नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई में गुरुवार को सुरक्षा बलों ने महाराष्ट्रल के गढ़चिरौली में दो महिला नक्सलियों को मार गिराया था। साथ ही मौके से AK 47 समेत कई हथियार बरामद किए थे। जिला पुलिस ने एटापल्ली तालुका के जाम्बिया जंगल में एक मुठभेड़ में इन दोनों को ढ़ेर किया।