छत्तीसगढ़। रेलवे यात्रियों के लिए एक अहम सूचना सामने आई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट से जुड़ा बड़ा काम किया जा रहा है। इसके चलते कुछ यात्री ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से प्रभावित रहेगा।

दरअसल, रायपुर मंडल के अंतर्गत हथबंद–तिल्दा नेवरा सेक्शन में किमी 785/23-25 पर स्थित लेवल क्रॉसिंग संख्या 394 के स्थान पर रोड अंडर ब्रिज (RUB) का निर्माण किया जा रहा है। इस निर्माण कार्य में बॉक्स पुशिंग की सुविधा के लिए रिलीविंग गर्डरों के डी-लॉन्चिंग कार्य हेतु ट्रैफिक कम पावर ब्लॉक लिया जाएगा। इसी कारण 11 और 12 जनवरी 2026 को कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द या आंशिक रूप से संचालित किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार 11 जनवरी 2026 को रायपुर–बिलासपुर मेमू पैसेंजर (68728), बिलासपुर–रायपुर मेमू पैसेंजर (68719), गेवरा रोड–बिलासपुर मेमू पैसेंजर (68733), बिलासपुर–गेवरा रोड मेमू पैसेंजर (68734), कोरबा–रायपुर पैसेंजर (58203) और रायपुर–नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) पैसेंजर (58205) रद्द रहेंगी। इसके अलावा 12 जनवरी 2026 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी)–रायपुर पैसेंजर (58206) और रायपुर–बिलासपुर मेमू पैसेंजर (58202) का भी परिचालन नहीं होगा।

इसी कड़ी में कुछ गाड़ियों को डायवर्ट भी किया गया है। 11 जनवरी 2026 को झारसुगुड़ा से चलने वाली 68862 झारसुगुड़ा–गोंदिया मेमू पैसेंजर को बिलासपुर में ही रोक दिया जाएगा जिससे यह ट्रेन बिलासपुर से गोंदिया के बीच रद्द रहेगी। वहीं, उसी दिन गाड़ी संख्या 68861 गोंदिया–झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर का प्रारंभिक स्टेशन बदला गया है। यह ट्रेन गोंदिया के बजाय बिलासपुर से झारसुगुड़ा के लिए रवाना होगी जिसके कारण गोंदिया और बिलासपुर के बीच इसका संचालन रद्द रहेगा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। प्रशासन का कहना है कि यह असुविधा अस्थायी है और अधोसंरचना विकास कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में रेल परिचालन और सड़क यातायात दोनों अधिक सुरक्षित और सुगम होंगे।