मुंबई। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन आज यानी शुक्रवार को घरेलू शेयर मार्केट में बंपर उछाल देखने को मिल है। सेंसेक्स करीब 1400 अंक (1.54%) की तेजी के साथ 75,200 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 450 अंकों से ज्यादा की तेजी है, ये 22,850 के स्तर पर है।
आज के कारोबार में फार्मा और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी है। NSE के 50 शेयरों में से 46 में तेजी है। निफ्टी मेटल इंडेक्स 4.30 फीसदी और फार्मा 2.50 फीसदी ऊपर है। वहीं ऑटो और आईटी इंडेक्स करीब 2 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहे हैं। सन फार्मा और टाटा मोटर्स में 4 फीसदी से ज्यादा तेजी आई है।
यह भी पढे़ं: RBI ने रेपो रेट में लगातार दूसरी बार की कटौती, नए वित्त वर्ष में लोन सस्ते होने से EMI कम होगी
सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयर तेजी के साथ खुले। सन फार्मा, टाटा स्टील और टाटा मोटर्स में सबसे ज्यादा तेजी आई है। दूसरी ओर एशियन पेंट्स, इंडसइंड बैंक और टीसीएस में गिरावट आई है।
दरअसल, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन को छोड़कर बाकी सभी देशों के लिए रेसिप्रोकल टैरिफ पर 90 दिन की रोक लगाने की घोषणा की है। चीन पर रेसिप्रोकल टैरिफ 145 फीसदी कर दिया गया है। गुरुवार को महावीर जयंती के कारण घरेलू शेयर बाजार बंद थे। इसलिए आज बाजार ने इस पर प्रतिक्रिया दी।
दूसरे एशियाई बाजारों में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन गिरावट आई है। जापान के निक्केई में 4.5% की गिरावट आई है जबकि साउथ कोरिया के बाजार में 1.7% गिरा है। अमेरिका में भी फ्यूचर्स में गिरावट आई है। साथ ही गुरुवार को भी यह गिरावट के साथ बंद हुआ था।