जम्मू के एक व्यवसायी रूपेश मैसन ने चन्द्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद जिज्ञासावश खोजबीन शुरू की तो पता चला कि चांद पर जमीन भी खरीदी जा रही है। ऐसे में उसने भी एक एकड़ जमीन की रजिस्ट्री करा ली। न्यूयार्क सिटी के द लूनर रजिस्ट्री के जरिये उन्होंने यह प्लॉट खरीदा है। 

रुपेश मैसन जम्मू में एक शिक्षाविद और व्यापारी हैं। उन्होंने ने बताया कि चंद्रयान -3 मिशन के सफल होने के बाद उन्होंने इसके बारे में ज्यादा जानने के लिए खोजबीन की तो उन्हें पता चला कि चांद पर जमीन भी खरीदी जा सकती है। कई लोगों ने चांद पर जमीन खरीदी है। अमेरिका की लूनर रजिस्ट्री के जरिये जमीन की बिक्री की जा रही है। इसके बाद उन्होंने चांद पर जमीन खरीदने का फैसला किया।

बता दें कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश, जिमी कार्टर व रोनाल्ड रीगन ने भी चांद पर जमीन खरीदी है। इसके अलावा दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने भी चांद पर जमीन खरीदी थी। शाहरुख खान के पास भी चांद पर जमीन है उन्हें किसी ने यह गिफ्ट की थी। अबतक कुल 675 लोग चांद पर जमीन खरीद चुके हैं।

रूपेश ने कहा कि फिलहाल वहां रहना संभव तो नहीं है, लेकिन इसके जरिये लोगों में विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़े इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर उन्होंने जमीन खरीदी है। मैसन ने जमीन खरीदने के लिए आवेदन किया था। उनके आवेदन पर अमेरिका स्थित लूनर कंपनी ने जमीन के कागजात उनके पास पहुंचा दिए हैं।