मुंबई। दीपावली से पहले भारतीय शेयर बाजार में भी रौनक लौटती नजर आ रही है। करीब पांच दिन की गिरावट के बाद सोमवार को शेयर बाजार ने मजबूती से वापसी की। शेयर बाजार के सभी सेक्टोरल इंडेक्स में अच्छा बाउंसबैक देखने को मिला। सोमवार को सेंसेक्स 602 अंक की तेजी के साथ 80,005 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 186 अंक की बढ़त रही, ये 24,367 के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 अंक की तेजी और 5 में गिरावट रही। निफ्टी के 50 शेयरों में से 36 में तेजी और 14 में गिरावट रही। NSE के सभी सेक्टर तेजी के साथ बंद हुए। सरकारी बैंकों के शेयर सबसे ज्यादा चढे़। ICICI बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, SBI और इंफोसिस ने बाजार को सबसे ज्यादा ऊपर चढ़ाया। जबकि, HDFC बैंक, एक्सिस बैंक, कोटक बैंक और टेक महिंद्रा ने बाजार को नीचे खींचा।

वारी एनर्जीज का शेयर NSE पर 66.3% ऊपर 2,500 रुपए और BSE पर 69.7% ऊपर 2,550 रुपए पर लिस्ट हुआ। इसका इश्यू प्राइस 1,503 रुपए था। दिनभर के कारोबार के बाद यह 8.20% गिरकर 2341 रुपए पर बंद हुआ। NSE के डेटा के अनुसार, विदेशी निवेशकों (FIIs) ने 25 अक्टूबर को ₹3,036 करोड़ के शेयर बेचे। इस दौरान घरेलू निवेशकों (DIIs) ने ₹4,159 करोड़ के शेयर खरीदे।

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 28 अक्टूबर को बढ़कर 441.36 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार 25 अक्टूबर को 436.98 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 4.28 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 4.28 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।