बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर आज 28 सितंबर को अपना 41वां जन्मदिन मना रहे है और इस खास मौके पर ही उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म एनिमल का टीजर मेकर्स ने रिलीज कर दिया है। टीजर से पहले मेकर्स ने स्टार कास्ट का पहले लुक का पोस्टर रिलीज किया था। पोस्टर को देखने के बाद फैंस को फिल्म के टीजर का बेसब्री से इंतजार था और अब इस धांसू एक्शन पैक टीजर को देख फैंस की एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर है। इसमें रणबीर का अलग ही अंदाज में दिखाई दे रहे है। ऐसे में अब उनके फैंस फिल्म की रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे है। 

कैसा है टीजर? 

एनिमल के टीजर की शुरुआत एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना और रणबीर कपूर से होती है। दोनों टहलते हुए बातें कर रहे होते है। तभी रश्मिका अचानक उनके पिता के बारे में बात करती है और एक्टर रणबीर कपूर गुस्से में आ जाते है। फिल्म में अनिल कपूर रणबीर के पिता का रोल निभा रहे है। इस रोल में वे काफी सख्त दिखाई दे रहे है, जो अपने बेटे को मारते हैं और कहते हैं कि उन्होंने एक जानवर को पैदा किया है। टीजर में आपको रणबीर का एक्शन लुक भी देखने को मिलेगा। रणबीर कपूर का हर लुक काफी किलर और धांसू लग रहा है। लंबी दाढ़ी, लंबे बाल से लेकर क्लीन शेव लुक तक, रणबीर हर अंदाज में शानदार लग रहे हैं। कई सीन में एक्टर खून से लथपथ और काफी गुस्से में नजर आ रहे है। फूल-टू एक्शन फाइटर की तरह उन्हें लड़ते हुए देखा गया। एक्टर का अंदाज इतना खूंखार है कि देखने वाले हैरान रह गए हैं। इससे पहले बड़े पर्दे पर रणबीर कपूर को कभी इस तरह का किरदार निभाते नहीं देखा गया है।

बॉबी देओल भी आएंगे नजर 
एनिमल में एक्टर बॉबी देओल का भी दमदार किरदार देखने को मिलने वाला है। इस बात का अंदाजा आप टीजर देखकर ही लगा सकते है। एनिमल के 2 मिनट 26 सेकंड के इस टीजर में अंत में बॉबी देओल की एक झलक दी गई है। 8 सेकंड के अंदर बॉबी देओल अपनी छाप छोड़ते हुए नजर आ रहे हैं। 


बता दें कि एनिमल के टीजर को भूषण कुमार के टी सीरीज ने अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वहीं फिल्म पहले 11 अगस्त 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी पर अब इसकी रिलीज डेट को दिसंबर में खिसका दिया गया है। एनिमल को संदीप रेड्डी वांगा ने डायरेक्ट किया है। इसके अलावा इसकी कहानी भी उन्होंने ही लिखी है। फिल्म में अनिल कपूर, बॉबी देओल और तृप्ति डिमरी भी अहम किरदार निभाते नजर आने वाले हैं। फिल्म को इस साल 1 दिसंबर 2023 को थिएटर में रिलीज किया जाएगा।