जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी के फ़ाउंडर से मारपीट, प्रदर्शन के दौरान युवकों ने जड़े थप्पड़
जयपुर के शहीद स्मारक पर शिक्षा व्यवस्था और नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर हमला हुआ। भीड़ में एक युवक ने उन्हें थप्पड़ जड़ दिए।
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में शिक्षा व्यवस्था, नीट पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर हमला हो गया। प्रदर्शन स्थल पर मौजूद भीड़ के बीच एक युवक ने दीपके को कई थप्पड़ मार दिए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब छह लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
यह घटना जयपुर के शहीद स्मारक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान हुई। वहां अभिजीत दीपके अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीपके समर्थकों के कंधों पर बैठकर मंच की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ लोग उनके करीब पहुंचे। पहले उनके गले में पड़ा गमछा खींचा गया और फिर एक युवक ने आगे बढ़कर उन्हें लगातार कई थप्पड़ मार दिए। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें:जबलपुर में युवक ने की महिला बिजनेस पार्टनर की हत्या, घटना के बाद खुद को भी मार ली गोली
हमले के तुरंत बाद दीपके के साथ मौजूद समर्थकों ने आरोपी युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान की जा रही है और उनके नाम, पते सहित अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। प्रारंभिक पूछताछ में एक युवक ने खुद को राष्ट्रवादी बताते हुए कहा कि वह प्रदर्शन के आयोजकों की विचारधारा का विरोध करता है और पेपर लीक का मुद्दा केवल एक बहाना है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच प्रदर्शन स्थल से कई लोगों के मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायतें भी सामने आई हैं। स्थिति को देखते हुए मंच से बार बार लोगों को अपने मोबाइल और अन्य सामान सुरक्षित रखने की घोषणा की जाती रही। एक ओर हमला और दूसरी ओर चोरी की घटनाओं ने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए।
अभिजीत दीपके देशभर में शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में वह जयपुर में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। इससे पहले दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान उन्होंने देश के विभिन्न शहरों में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की थी।
यह भी पढ़ें:22 वर्षीय टीवी अभिनेत्री संचिता उगले ने की आत्महत्या, पालघर स्थित घर में फंदे पर लटका मिला शव
प्रदर्शन को लेकर जयपुर में पहले विवाद भी हुआ था। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि पुलिस अनुमति देने में देरी कर रही है। हालांकि, बाद में प्रशासन ने कुछ शर्तों के साथ कार्यक्रम को मंजूरी दे दी। प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, आयोजन में 800 से अधिक लोगों को शामिल होने की अनुमति नहीं थी और आयोजकों को कानून व्यवस्था तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।
कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने प्रदर्शन से पहले लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि यह आंदोलन केवल किसी एक संगठन का नहीं बल्कि छात्रों, युवाओं और अभिभावकों से जुड़े मुद्दों की आवाज है। उन्होंने प्रतिभागियों से तिरंगा, किताब और फूल लेकर आने का आग्रह करते हुए प्रदर्शन को पूरी तरह शांतिपूर्ण रखने की बात कही थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:100 फीसदी इथेनॉल ईंधन को केंद्र की मंजूरी, जल्द सड़कों पर दौड़ेंगे फ्लेक्स-फ्यूल वाहन




