जबलपुर में युवक ने की महिला बिजनेस पार्टनर की हत्या, घटना के बाद खुद को भी मार ली गोली
जबलपुर में सोमवार दोपहर दीपेश राठौर ने अपनी ब्यूटी पार्लर पार्टनर शक्ति कोहली की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर आत्महत्या कर ली।
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज मर्डर और सुसाइड की घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी महिला बिजनेस पार्टनर की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके तुरंत बाद खुद को भी गोली मार ली। घटना गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित राजू डुप्लेक्स के पास हुई। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में कारोबार और पैसों के लेनदेन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है।
मृतकों की पहचान शक्ति कोहली और दीपेश राठौर के रूप में हुई है। दोनों ने कुछ समय पहले साझेदारी में एक ब्यूटी पार्लर सेंटर शुरू किया था। पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर शक्ति अपने कमरे में मौजूद थी तभी दीपेश वहां पहुंचा। दोनों के बीच किसी मुद्दे को लेकर बातचीत शुरू हुई जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। इसी दौरान दीपेश ने अपने पास मौजूद पिस्टल से शक्ति पर गोली चला दी। गोली लगते ही शक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें:22 वर्षीय टीवी अभिनेत्री संचिता उगले ने की आत्महत्या, पालघर स्थित घर में फंदे पर लटका मिला शव
महिला को गोली मारने के बाद दीपेश ने उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली थी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे जहां दोनों को मृत पाया गया। इसके बाद पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की गई और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से हथियार सहित अन्य जरूरी सामग्री जब्त कर ली है। दोनों के मोबाइल फोन और संबंधित दस्तावेज भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें:100 फीसदी इथेनॉल ईंधन को केंद्र की मंजूरी, जल्द सड़कों पर दौड़ेंगे फ्लेक्स-फ्यूल वाहन
मामले में शक्ति कोहली के परिजनों ने भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। शक्ति के जीजा शरद जाटव के अनुसार, दीपेश पहले फर्नीचर का व्यवसाय करता था। उसने शक्ति को भरोसा दिलाया था कि वह उनके ब्यूटी पार्लर को आकर्षक इंटीरियर डिजाइन के साथ शहर के सबसे बेहतर पार्लरों में शामिल कर देगा। इसी विश्वास के आधार पर दोनों ने व्यावसायिक साझेदारी शुरू की थी।
परिजनों का कहना है कि पिछले छह से सात महीनों से दोनों के बीच व्यवसाय से जुड़े कामकाज को लेकर लगातार संपर्क और बैठकें हो रही थी। इसी दौरान परिवार को दीपेश के आपराधिक इतिहास की जानकारी मिली। बताया गया कि उसके खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज थे और वह एक दुष्कर्म प्रकरण में जेल भी जा चुका था। यह जानकारी मिलने के बाद शक्ति ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी थी। पुलिस अब परिजनों के बयानों, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें:मुरैना में आग लगने की अफवाह से ट्रेन से कूदे पैसेंजर, दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से 4 की मौत




