भारत में बुधवार 1 जुलाई देर रात तक कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 6 लाख के पार पहुंच गया है। वहीं मरने वालों का संख्या 17 हजार 700 को पार कर गई है। एशिया में कोरोना संक्रमण व मौत के मामले में भारत सबसे ऊपर है। अनलॉक 1 दौरान देशभर में तकरीबन 4 लाख नए केस आए हैं। Covid19India.org  द्वारा जारी अपडेट के मुताबिक बुधवार को भारत मे 16 हजार 160 नए केस सामने आए हैं जिसके बाद संक्रमण का आंकड़ा बढ़कर 6 लाख 1 हजार 952 हो गया है।

भारत में कोरोना संक्रमण के फैलाव को काबू करना मुश्किल होता जा रहा है। आकलन है कि दुनियाभर में कोरोना संक्रमण के मामलों में भारत फिलहाल चौथे स्थान पर है लेकिन अगर इसी रफ्तार से केस बढ़ता गया तो अगले पांच दिनों में भारत रुस को पछाड़कर तीसरे स्थान पर आ सकता है। राहत की बात यह है कि दूसरे देशों के मुकाबले भारत का रिकवरी रेट बेहतर है। बुधवार को साढ़े 9 हजार मरीज ठीक हुए हैं जिसके बाद देशभर में पूरी तरह से स्वस्थ्य हो चुके मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 3 लाख 57 हजार 428 तक पहुंच गया है। फिलहाल भारत में कोरोना रिकवरी रेट तकरीबन 60 फीसदी है। वहीं 2 लाख 26 हजार 673 सक्रिय मामले हैं।

दुनियाभर में इस महामारी से अबतक 1 करोड़ 6 लाख 84 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं जिनमें 5 लाख 16 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। दुनियाभर में सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों में सबसे आगे अमेरिका है जहां 27 लाख 48 हजार से ज्यादा लोग इस महामारी के चपेट में आए हैं, जिसमें एक लाख 30 हजार से ज्यादा लोगों की मृत्यु हो चुकी है। अमेरिका के बाद ब्राजील का नंबर आता है जहां संक्रमितों का संख्या 14 लाख 26 हजार से ज्यादा है वहीं 60 हजार से ज्यादा मौतें हुई है। तीसरे पायदान पर रूस है जहां 6 लाख 54 हजार केस हैं।