बेलेम। ब्राजील के बेलेम शहर में चल रहे UN COP30 क्लाइमेट समिट के मुख्य स्थल पर गुरुवार को आग लग गई। इस हादसे में 21 लोग घायल हो गए। भारत के पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव भी आग लगने के समय भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ वहीं मौजूद थे। हालांकि, वे और अन्य अधिकारी सुरक्षित रूप से कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल गए।
द न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, यह आग स्थानीय समयानुसार दोपहर 2 बजे (भारतीय समयानुसार रात 10.30 बजे) एक कन्वेंशन हॉल के अंदर एक पवेलियन में लगी थी। घटना के वक्त पवेलियन में 190 से ज्यादा देशों के 50,000 से अधिक डिप्लोमैट, पत्रकार और एक्टिविस्ट मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस भी घटनास्थल पर मौजूद थे और उन्हें सुरक्षा टीम ने तुरंत बाहर निकाला। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया भारत के पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव भी भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ ‘ब्लू जोन’ के अंदर मौजूद थे, लेकिन सभी सुरक्षित बाहर निकल आए।
आग लगते ही हजारों लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। घटनास्थल से आए वीडियो और तस्वीरों में लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखे।
स्थानीय दमकल विभाग के अनुसार आग शायद किसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस (शायद माइक्रोवेव) से लगी। हालांकि, इसके दूसरे कारणों की जांच की जा रही है।