राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुरैना से उज्जैन जा रही बारातियों से भरी एक बस काचरी गांव के पास नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, 26 लोग घायल हो गए। घायलों में दूल्हे की मां समेत अन्य महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। इनमें से आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन्हें फिलहाल भोपाल रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना अचानक हुआ कि बस में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। तेज झटके के साथ बस पलट गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। कई यात्री सीटों के बीच बुरी तरह फंसे हुए थे।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 100 और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत ब्यावरा सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी और माहौल बेहद भावुक हो गया। डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि, 26 घायलों में से आठ की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है। बाकी 18 घायलों का इलाज ब्यावरा में ही जारी है।

घायलों में सात महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। मरने वालों में एक दूल्हे का चचेरा भाई अभय है। इनके अलावा दूल्हे की ताई और एक अन्य की मौत की पुष्टि हुई है। एक महिला यात्री ने बताया कि सभी लोग शादी की खुशी में गाने गा रहे थे। तभी अचानक बस असंतुलित होकर पलट गई। इस हादसे में एक पांच साल का बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय हो गए। एसडीएम, तहसीलदार और एसडीओपी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

इस हादसे की खबर जैसे ही मुरैना स्थित तोमर परिवार तक पहुंची वैसे ही वहां खुशी का माहौल गम में बदल गया। वहीं, उज्जैन में दुल्हन पक्ष को सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया।

घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु करा दिया। उल्लेखनीय है कि ब्यावरा-भोपाल हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते इस तरह के हादसे लगातार सामने आ रहे हैं।