धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। वहां मजदूरों से भरी पिकअप वाहन स्कॉर्पियो से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में अब तक दो सबच्चे समेत 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। जबकि, 13 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर चिकलिया फाटा स्थित जियो पेट्रोल पंप के पास रात करीब साढ़े 8 बजे हुई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में करीब 35 मजदूर सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि वाहन कई बार पलटता हुआ सड़क के दूसरी ओर जा पहुंचा और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप का टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। जिसके चलते यह हादसा हुआ।

धार जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि घायलों में से 10 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया है। उन्होंने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

धार के पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने बताया कि पिकअप तेज रफ्तार में थी और नियंत्रण खोने के बाद तीन-चार बार पलट गई। इसी दौरान यह डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और स्कॉर्पियो से टकरा गई।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी शुभम सिसोदिया ने बताया कि स्कॉर्पियो मांगूद से धार की ओर जा रही थी। जबकि, पिकअप विपरीत दिशा से आ रही थी। अचानक टायर फटने से पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर रॉन्ग साइड में चली गई और टक्कर के बाद पलट गई।

हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। सीएम मोहन यादव ने भी संवेदना जताते हुए मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी घायलों के मुफ्त इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इंदौर संभागायुक्त और आईजी को मौके पर पहुंचकर उपचार व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, धार के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। स्वास्थ्य विभाग ने इंदौर के अस्पतालों को अलर्ट पर रखते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश जारी किए हैं।