नई दिल्ली। अरब सागर में पाकिस्तानी नौसेना की एक नापाक और गैर- जिम्मेदाराना हरकत सामने आई है। समुद्र में गश्त लगा रहे भारतीय नौसेना के युद्धपोत में पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज ने बेहद खतरनाक तरीके से टक्कर मार दी। इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। भारत सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए नई दिल्ली में पाकिस्तान के शीर्ष राजनयिक को विदेश मंत्रालय तलब कर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक यह घटना 15 सितंबर की शाम को उत्तरी अरब सागर के अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में हुई। भारतीय नौसेना का एक युद्धपोत अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में अपनी नियमित निगरानी और गश्त पर तैनात था। तभी पाकिस्तानी नौसेना का एक जहाज अचानक तेज गति से भारतीय युद्धपोत के करीब आया और बेहद असुरक्षित तरीके से पैंतरेबाजी करने लगा।

इस खतरनाक लापरवाही के कारण पाकिस्तानी जहाज भारतीय युद्धपोत से जा टकराया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में भारतीय युद्धपोत को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है। घटना के तुरंत बाद भारत सरकार ने कूटनीतिक स्तर पर पाकिस्तान को घेरा। विदेश मंत्रालय ने दिल्ली में पाकिस्तान के चार्ज डी अफेयर्स (CdA) को समन किया और उन्हें स्पष्ट संदेश दिया कि वे अपने अधिकारियों तक भारत की कड़ी आपत्ति पहुंचाएं।

इसी के साथ इस्लामाबाद में मौजूद भारतीय दूतावास को भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के सामने आधिकारिक विरोध दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। विदेश मंत्रालय ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज का यह व्यवहार बेहद गैर-पेशेवर और असुरक्षित था। विदेश मंत्रालय ने साफ किया कि पाक जहाज की यह हरकत अप्रैल 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य अभ्यासों, युद्धाभ्यास और सैन्य आवाजाही को लेकर हुए समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधा उल्लंघन है।

भारत ने साफ कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पाकिस्तानी सैन्य इकाइयों को दोनों देशों के बीच हुए समझौतों का सम्मान करना होगा और सतर्कता बरतनी होगी।