कीव। यू्क्रेन पर रूस ने हमले तेज कर दिए हैं। रूसी सैनिकों ने राजधानी कीव सहित कई शहरों को पूरी तरह तबाह कर दिया है। इस बीच रूस की मीडिया से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रूसी मीडिया ने दावा किया है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की अपना देश छोड़कर पोलैंड भाग गए हैं।

सरकारी मीडिया हाउस स्पूतनिक ने रूस सरकार के हवाले से यह दावा किया है। इस दावे पर अब तक जेलेंस्की की तरफ से ऐसा कोई भी अपडेट सामने नहीं आया है। बता दें कि वोलोदिमीर जेलेंस्की कई बार ये कह चुके हैं कि वो अपना देश छोड़कर नहीं भागने वाले। ऐसे में रूसी मीडिया हाउस का ये बड़ा दावा काफी हैरान करने वाला है।

यह भी पढ़ें: रूसी टीवी चैनल के लाइव शो में सामूहिक इस्तीफा, यूक्रेन युद्ध के ख़िलाफ़ चैनल पर रोक का विरोध

यूक्रेन के मंत्री यारोस्लाव ने इस खबर का खंडन करते हुए दावा किया है कि राष्ट्रपति इस समय कीव में हैं।। इधर, माना जा रहा है कि रूस कुछ ही घंटे में कीव पर कब्जा जमा लेगा। वही लगातार हवाई हमले कर रहा है, जिससे सैकड़ों बिल्डिंग्स तबाह हो गई हैं और खंडहर में तब्दील हो गई हैं। इसके अलावा यूक्रेन में जेपोरिजजिया न्यूक्लियर पावर प्लांट पर रूसी फौज के हमले के बाद से खतरा बढ़ गया है।

रूस और यूक्रेन में और तनाव बढ़ने की आशंका है। नेटो ने सैनिकों को अलर्ट करते हुए उनकी तैनाती कर दी है, जबकि रूस ने मारियोपोल को चारों ओर से घेर लिया है। यह भी खबर है कि संकटग्रस्त यूक्रेन ने जर्मनी से मदद मांगी है। रूस से जंग के बीच यूक्रेन ने टैंक, हेलीकॉप्टर, सब्मरीन और असॉल्ट राइफल की मांग की है। भारत ने यूक्रेन में फंसे छात्रों को निकालने के लिए युद्धविराम की मांग की है। वहीं रूस और यूक्रेन के बीच जारी इस जंग के कारण अबतक 12 लाख यूक्रेनी लोग देश छोड़ जा चुके हैं।