राजगढ़। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के दामाद रत्नाकर सिंह का निधन हो गया है। वे पिछले एक साल से कैंसर से पीड़ित थे और लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती थे। रत्नाकर सिंह उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की रामनगर स्टेट के राज परिवार से थे। दुःख की इस घड़ी में दिग्विजय सिंह अपनी बेटी मृणालिनी के पास लखनऊ पहुंचे हैं।



दिग्विजय सिंह ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से इस बात की जानकारी देते हुए लिखा, 'कल रात मेरे बड़े दामाद राजा रत्नाकर सिंह रामनगर का दुखद देहांत हो गया। 61 वर्ष के रत्नाकर लगभग एक साल से कैंसर से पीड़ित थे। उनके अंतिम संस्कार के लिए मैं लखनऊ में हूं। इस दुख की घड़ी में चुनाव प्रचार को विराम देकर मैं मेरी बेटी मृणालिनी और परिवारवालों के साथ हूँ। ईश्वर रत्नाकर को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। ओम शांति।'





पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस की ओर से चुनावी मैदान में हैं और वे लगातार गांव-गांव घूमकर प्रचार कर रहे थे। इसी बीच देर रात उनके दामाद के निधन की खबर आई। ऐसे में सोमवार सुबह पूर्व सीएम को अपने पूर्व निर्धारित दौरे कैंसिल कर लखनऊ के लिए रवाना होना पड़ा। जानकारी के मुताबिक सिंह ने प्रचार अभियान पर दो दिन का विराम रहेगा। हालांकि, इस दौरान कांग्रेस के स्थानीय नेता व कार्यकर्ता प्रचार-प्रसार जारी रखेंगे।