रूसी टीवी चैनल के लाइव शो में सामूहिक इस्तीफा, यूक्रेन युद्ध के ख़िलाफ़ चैनल पर रोक का विरोध

रूसी टीवी चैनल द रेन के रूस यूक्रेन युद्ध के मसले पर प्रसारण से रूस की सरकार नाराज़ थी, जिसके बाद सरकार ने इस टीवी चैनल के संचालन पर रोक लगाने का फैसला किया था

Updated: Mar 04, 2022, 05:18 PM IST

Photo Courtesy: India.com
Photo Courtesy: India.com

नई दिल्ली। रूस के एक न्यूज़ चैनल के पूरे स्टाफ ने लाइव शो के दौरान इस्तीफा दे दिया। यूक्रेन पर रूसी आक्रमण पर अपना विरोध दर्ज कराते हुए टीवी रेन चैनल के कर्मचारियों ने इस्तीफा दे दिया। इस दौरान चैनल के कर्मियों ने नो टू वॉर का नारा बुलंद किया। 

चैनल के कर्मचारियों ने इस्तीफे का फैसला रूसी सरकार द्वारा चैनल पर की गई रोक के बाद लिया। यूक्रेन रूस युद्ध पर चैनल की कवरेज से खफा सरकार ने चैनल के संचालन पर रोक लगाने का फैसला किया था। रूसी सरकार के इस कार्रवाई और युद्ध के खिलाफ अपने स्टैंड को बरकरार रखते हुए चैनल के स्टाफ ने एक साथ नौकरी छोड़ने का एलान कर दिया। 

जैसे ही कर्मचारियों ने स्टेज से वॉक आउट करना शुरू किया वैसा ही चैनल के संस्थापकों में से एक नतालिया सिंदेयवा ने 'युद्ध को नहीं' का नारा बुलंद किया। इसके बाद चैनल ने अपना एक बयान जारी करते हुए कहा कि उसने अपना ऑपरेशन अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया है।

स्टाफ के बाहर निकलने के बाद चैनल ने स्वान लेक बैलेट वीडियो को प्रसारित किया, जिसे सोवियत संघ के विघटन के मौके पर रूसी चैनलों पर प्रसारित किया गया था। इससे पहले रूस के अंतिम उदार मीडिया संगठनों में से एक Ekho Moskvy रेडियो स्टेशन को भी गुरुवार को बोर्ड द्वारा भंग कर दिया गया। यह फैसला भी यूक्रेन रूस के दौरान Ekho Moskvy की कवरेज के बाद लिया गया।