वॉशिंगटन। अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन भारतीय मूल के लोगों पर काफी भरोसा करते हैं। ऐसा हम सिर्फ इसलिए नहीं कह रहे क्योंकि उन्होंने भारतीय मूल की कमला हैरिस को उपराष्ट्रपति चुना, बल्कि उनके ताज़ा फैसलों में भी ये बात साफ नज़र आ रही है। बाइडेन ने शपथग्रहण से पहले ही भारतीय मूल के एक-दो नहीं बल्कि 20 लोगों को अपने टीम में जगह दे दी है। अमेरिका के इतिहास में यह पहली बार है जब भारतीय मूल के इतने सारे लोगों को इतनी बड़ी जिम्मेदारियां मिली है।

खास बात यह है कि बाइडेन ने जिन 20 भारतीय मूल के लोगों पर भरोसा जताया उनमें 13 महिलाएं भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से कम से कम 17 लोगों की नियुक्ति व्हाइट हाउस परिसर में अहम पदों पर की गई है। 20 जनवरी को होने जा रहा शपथ ग्रहण समारोह इस लिहाज से भी ऐतिहासिक है, क्योंकि इसमें पहली बार कोई महिला देश के उपराष्ट्रपति पद की शपथ लेने जा रही है। 56 साल की कमला हैरिस अमेरिका में भारतीय मूल की पहली उपराष्ट्रपति भी होंगी। 

20 लोगों में शामिल है इन भारतीयों के नाम

1) नीरा टंडन: नीरा को व्हाइट हाउस ऑफ़ मैनेजमेंट एंड बजट के डायरेक्टर के रूप में नामित किया गया है।

2) डॉ विवेक मूर्ति: उन्हें अमेरिकी सर्जन जनरल के रूप में नामित किया गया है।

3) वनिता गुप्ता: उन्हें एसोसिएट अटॉर्नी जनरल डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस के रूप में नामित किया गया है।

4) उज़रा ज़ेया: उन्हें नागरिक सुरक्षा, लोकतंत्र और मानवाधिकार के सचिव के रूप में नामित किया गया है।

5) माला अडिगा: माला फर्स्ट लेडी बनने वाली डॉक्टर जिल बाइडेन की नीति निदेशक के पद के लिए नियुक्त हुई हैं।

6) गरिमा वर्मा: उन्हें फर्स्ट लेडी के कार्यालय के डिजिटल डायरेक्टर के रूप में नामित किया गया है।

7) सबरीना सिंह: सबरीना को फर्स्ट लेडी का उप प्रेस सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है।

8) आइशा शाह: शाह को व्हाइट हाउस दफ्तर की डिजिटल रणनीति की पार्टनरशिप मैनेजर के पद पर नियुक्त किया गया है।

9) समीरा फ़ाज़िली: समीरा व्हाइट हाउस में यूएस नेशनल इकोनॉमिक काउंसिल (एनईसी) में डिप्टी डायरेक्टर नियुक्त किया गया है।

10)भारत राममूर्ति: भारत को भी व्हाइट हाउस राष्ट्रीय आर्थिक परिषद के उपनिदेशक के रूप में नामित किया गया है।

11) गौतम राघवन: उन्हें राष्ट्रपति के कार्मिक कार्यालय में उप निदेशक के रूप में नामित किया गया है।

12) विनय रेड्डी: रेड्डी को भाषण लेखन के निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है।

13) वेदंत पटेल: पटेल को राष्ट्रपति का सहायक प्रेस सचिव बनाया गया है।

14) सोनिया अग्रवाल: उन्हें व्हाइट हाउस में घरेलू जलवायु नीति के कार्यालय में जलवायु नीति और नवाचार के लिए वरिष्ठ सलाहकार नामित किया गया है।

15) विदुर शर्मा: शर्मा को व्हाइट हाउस कोविद -19 रिस्पांस टीम के परीक्षण के लिए नीति सलाहकार नियुक्त किया गया है।

इनके अलावा तीन भारतीय-अमेरिकियों ने व्हाइट हाउस के महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में भी जगह बनाई है। इनमें तरुण छाबड़ा को प्रौद्योगिकी और राष्ट्रीय सुरक्षा के वरिष्ठ निदेशक, सुमोना गुहा को दक्षिण एशिया के वरिष्ठ निदेशक और शांति कलथिल को लोकतंत्र और मानव अधिकारों का समन्वयक बनाया गया है। वहीं दो भारतीय अमेरिकी महिलाओं को व्हाइट हाउस काउंसिल के कार्यालय में नियुक्त किया गया है। इनमें नेहा गुप्ता को एसोसिएट कॉउन्सिल और रीमा शाह को डिप्टी एसोसिएट काउंसलर के रूप में नियुक्त किया गया है।