भोपाल। मध्य प्रदेश के 19 जिलों में शनिवार और रविवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में बन रहे अलग-अलग स्थान पर मौसम प्रणालियों के असर से पूर्वी सहित उत्तरी क्षेत्र में अच्छी बारिश जारी है। इस दौरान रायसेन, विदिशा, पांढुर्णा, बैतूल, नर्मदापुरम, उमरिया, कटनी, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पन्ना, मंडला, दमोह और सागर में भारी बारिश हो सकती है। 

वहीं शुक्रवार को सुबह 8:00 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक सीधी में 163, खजुराहो में 62, उमरिया में 46, रीवा में 44, सतना में 29, पंचमढ़ी में 12 और ग्वालियर में 11 मिलीमीटर पानी बरसा। इसके अलावा सागर, दमोह और रतलाम में सात 
और श्योपुर में 4 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के 10 जिलों में अति बारिश और 35 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी। इनमें शनिवार को भोपाल, चंबल सहित शहडोल संभाग में बारिश गिरने की संभावना है। 

यह भी पढ़ें:बिहार के बाद MP में मतदाता सूची पर बवाल, एक घर में 50 से अधिक मतदाता, कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप

मध्य प्रदेश में एक जून से शुक्रवार सुबह 8:00 तक 392.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। जो सामान्य बारिश से 70 फीसदी ज्यादा है। सामान्य आंकड़ा 231.1 मिमी का है। मानसून सीजन में अब तक एमपी में 16 इंच पानी गिर चुका है। इसका पूर्वी हिस्से में सबसे ज्यादा असर है। वहीं मौसम विज्ञानी वीएस यादव ने जानकारी दी की मानसून द्रोणिका वर्तमान में बीकानेर, देवमाली, हमीरपुर, डाल्टनगंज, जमशेदपुर और दीघा से गुजरते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। उत्तरी छत्तीसगढ़ और उसके आसपास उपरी भाग में चक्रवात बना है।