कुत्ता हमेशा से इंसानों का वफादार रहा है और इंसानों ने भी कुत्ते को भरपूर प्यार दिया है। दुनिया में बहुत से ऐसे लोग हैं जो अपने कुत्ते को अपने बेटे से भी ज्यादा प्यार करते हैं। कुछ लोग अपने कुत्ते से इतना प्यार करते हैं कि उनके लिए कुछ भी कर सकते हैं। ऐसा ही एक मामला तुर्कमेनिस्तान में देखने को मिला है। यहां के शासक ने अपने पसंदीदा कुत्ते की 50 फीट ऊंची प्रतिमा बनवाई है।





इस मूर्ति को तुर्कमेनिस्तान की राजधानी अश्गाबात के एक रिहायशी इलाके स्थापित किया गया है। जानकारी के मुताबिक तुर्कमेनिस्तान के राष्ट्रपति गुरबांगुली बेर्दयमुखमेदोव ने स्मारक में कुत्ते की सोने की मूर्ति को एक स्तंभ पर रखवाया है। कुत्ते की मूर्ति के पास एक एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिसमें इसे कई तरह से देखा जा सकता है। इस स्मारक को बनाने में कितना खर्चा आया है इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है।



 





 



तुर्कमेनिस्तान की सरकार के मुताबिक, कुत्ते की मूर्ति कांसे की बनी है और इस पर 24 कैरट सोने की परत चढ़ाई गई है। जहां सरकार के अधिकारियों के रहने की व्यवस्था है वहां कुत्ते की मूर्ति स्थापित की गई है। बता दें, अलाबाई कुत्तों को वहां काफी पसंद किया जाता है। इस नस्ल के कुत्ते वहीं पैदा होते हैं। इसलिए इन्हें वहां की राष्ट्रीय विरासत के रूप में मान्यता दी गई है। ऐसा पहली बार नहीं है कि गुरबांगुली बेर्दयमुखमेदोव द्वारा बनवाई गई कोई प्रतिमा पूरी दुनिया का ध्यान अपनी तरफ खींच रही हो। इससे पहले उन्होंने 2015 में खुद की ही तांबे की मूर्ति बनवाई थी। जिसपर बड़े से मार्बल बेस पर सोने का पानी चढ़ाया गया था।