बेगूसराय। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में सियासी सरगर्मियां तेज हैं। सभी दलों के नेता ताबड़तोड़ चुनावी रैलियां कर रहे हैं। शनिवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बेगूसराय के बछवाड़ा में सभा की। प्रियंका गांधी ने राज्य में बढ़ते क्राइम को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार में क्राइम चरम पर है। उद्योगपतियों की हत्या हो रही है। हाल में चुनाव प्रचार में नेता की हत्या कर दी गई। महिलाएं असुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि 20 सालों से बिहार में NDA की सरकार है। आपको आपके अधिकार नहीं दिए गए। आपको बांटने की राजनीति की। देशभर में झूठा राष्ट्रवाद दिखाया गया।

प्रियंका गांधी ने कहा है हाल में इन लोगों ने SIR करवाकर 65 लाख वोट काट दिए। इसके कटने का मतलब क्या है। आपके अधिकार कट रहे हैं। आपको कमजोर किया जा रहा है। इससे आपको सरकारी फायदे नहीं मिलेगा। इन लोगों ने हर चीज पर टैक्स लगा रखा है। बड़े-बड़े उद्योग अपने दोस्तों को दे रखे हैं। इन लोगों ने प्राइवेटाइजेशन कर दिया है। सब ठेके पर हो रहा है। मोदी जी अपने 2 दोस्तों को सारी सरकारी कंपनियां दे दी हैं।

कांग्रेस महासचिव ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी जी मंच पर आकर कहते हैं सरकार बना दो करोड़ों नौकरी देंगे। अरे इससे पहले क्यों नहीं नौकरी दी गई। आप क्या कर रहे थे अब तक। किसानों को लूट रहे हैं। बिजनेस खत्म कर रहे हैं। इनके हाथों में कुछ नहीं बचा है। जो आपका था वो ये लोग अपने दोस्तों को दे चुके हैं। ये झूठे वादे करते हैं। झूठे सपने दिखाते हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा, 'बिहार में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। महिलाएं असुरक्षित हैं। बच्चों की चिंता है, बेटियों की चिंता है। डर ऐसा है कि कमाने जाना भी चाहें तो नहीं जा सकती हैं। बिहार में नीतीश कुमार के हाथ में कुछ नहीं बचा है। यहां की सरकार दिल्ली से चल रही है। वो लोग जो कहते हैं नीतीश कुमार वही करते हैं।'