सऊदी अरब में उमराह करने गए मध्यप्रदेश के यात्रियों की वतन वापसी में आ रही परेशानियों को देखते हुए उनकी मदद के लिए प्रयास शुरू किए गए हैं। भोपाल के करीब 150 यात्रियों के उड़ानें रद्द होने से प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात कर यात्रियों की सुरक्षित और जल्द वापसी के लिए केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालयों से समन्वय करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री निवास पर हुई मुलाकात के दौरान डॉ. पटेल ने इस मामले में एक पत्र सौंपा। इसमें पश्चिमी एशिया के मौजूदा हालात और हवाई सेवाओं में व्यवधान के चलते उमराह यात्रियों के सामने आ रही समस्याओं का जिक्र किया गया है। उड़ानें रद्द होने के कारण यात्रियों को ठहरने, भोजन, दवाइयों और दूसरी जरूरी सुविधाओं पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है। इससे उनकी आर्थिक मुश्किलें बढ़ने की आशंका है।

डॉ. पटेल ने मुख्यमंत्री से विदेश मंत्रालय और अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावित यात्रियों को राहत दिलाने की पहल करने का अनुरोध किया है।

जमीअत उलमा मध्यप्रदेश के सचिव हाजी मोहम्मद इमरान हारून ने भी उमराह यात्रियों की स्थिति पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार, केंद्रीय हज कमेटी और अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय से हस्तक्षेप की अपील की है।

उनके मुताबिक, भोपाल से लगभग 150 लोग उमराह के लिए सऊदी अरब गए हैं। उड़ान सेवाएं प्रभावित होने से यात्रियों के सामने वापसी के टिकट मिलने और महंगे किराये की समस्या खड़ी हो गई है। इसके अलावा वीजा की अवधि समाप्त होने की आशंका भी उनकी परेशानी बढ़ा रही है।

हाजी मोहम्मद इमरान हारून ने यात्रियों को उमराह पर ले जाने वाली टूर पैकेज कंपनियों की लापरवाही की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को जरूरत के मुताबिक भोजन, आवास, दवाइयां और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी कदम उठाए जाने चाहिए।

इसके साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की जांच करने की मांग भी उठाई गई है। यात्रियों की मौजूदा स्थिति को लेकर सामने आ रही जानकारी की पुष्टि करते हुए उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।