भोपाल। राजधानी भोपाल से चार दिन पहले रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुआ 6 वर्षीय अंश मैना उत्तर प्रदेश के मथुरा में सुरक्षित मिल गया है। बच्चे की तलाश में जुटी भोपाल पुलिस की छह विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, रेलवे रूट और तकनीकी इनपुट की मदद से उसे खोज निकाला। पुलिस ने अंश को अपनी सुरक्षा में ले लिया है और उसे वापस भोपाल लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अंश मैना राजधानी के ईदगाह हिल्स स्थित बाजपेयी नगर मल्टी का निवासी है। जानकारी के अनुसार, उसकी मां लालघाटी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती थी। मंगलवार को अंश अस्पताल परिसर के आसपास खेल रहा था तभी वह अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
यह भी पढ़ें:ईरान की मशहूर सिंगर परस्तू अहमदी को 74 कोड़ों की सजा, बिना हिजाब पहने किया था लाइव कॉन्सर्ट
बच्चे के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और उसकी तलाश के लिए छह अलग-अलग टीमें गठित की। टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों, रेलवे स्टेशन और संभावित मार्गों पर जांच शुरू की। साथ ही बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई ताकि बच्चे की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
जांच के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण सुराग मिला। एक सीसीटीवी फुटेज में अंश अकेले ट्रेन में चढ़ता हुआ दिखाई दिया था। यही फुटेज पूरे मामले में सबसे अहम कड़ी साबित हुआ। इसके बाद पुलिस ने रेलवे मार्गों की विस्तृत पड़ताल शुरू की और विभिन्न स्टेशनों पर बच्चे की संभावित मौजूदगी की जानकारी जुटाई। एसीपी अनिल बाजपेयी के अनुसार, सीसीटीवी और तकनीकी विश्लेषण से मिले संकेतों के आधार पर पुलिस की टीम ने बच्चे की लोकेशन मथुरा तक ट्रेस कर ली। लगातार चार दिनों की तलाश के बाद अंश को वहां सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
यह भी पढ़ें:MP: डिंडौरी में पेयजल संकट को लेकर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, दो घंटे तक जाम किया नेशनल हाईवे
फिलहाल पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि वह अकेले ट्रेन तक कैसे पहुंचा और मथुरा जाने के दौरान उसके साथ क्या-क्या घटनाक्रम हुआ। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चे से विस्तार से बातचीत की जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह स्वयं वहां पहुंचा या किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका भी इस मामले में रही है। फिलहाल अंश सुरक्षित है और जल्द ही उसे उसके परिवार के पास भोपाल लाया जाएगा।