मध्य प्रदेश में चक्रवाती तूफान अकवान और उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर दिखाई देने लगा है। प्रदेश के पूर्वी जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। जबकि, भोपाल, इंदौर और उज्जैन समेत पश्चिमी हिस्सों में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 12 जिलों में बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। वहीं, उज्जैन में बढ़ती ठंड को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। अब नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं सुबह 9 बजे से पहले संचालित नहीं होंगी।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में इसका असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। शनिवार को भी मंडला, सिंगरौली, डिंडौरी, मैहर, रीवा और सीधी में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से तेज बारिश दर्ज की गई। इससे पहले अनूपपुर जिले के अमरकंटक में करीब एक इंच बारिश हुई थी।

लगातार बारिश का असर सड़क यातायात पर भी पड़ा है। उमरिया में शुक्रवार रात हुई बारिश के बाद नेशनल हाईवे 43 पर मोर्चा फाटक के पास सड़क की स्थिति खराब हो गई। बारिश के पानी और कीचड़ से रास्ता दलदल में तब्दील हो गया। इसके कारण हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। करीब तीन-तीन किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही थी। सड़क पर पैदल निकलने वाले लोगों को भी काफी परेशानी हुई और कई लोग फिसलते नजर आए। शनिवार को भी पूरे दिन हाईवे पर इसी तरह के हालात बने रहे थे।

प्रदेश में बारिश के साथ रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, शाजापुर जिले के गिरवर में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो प्रदेश में सबसे कम रहा। बैतूल में पारा 9.2 डिग्री और भोपाल में 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

इसके अलावा नीमच के मरुखेड़ा और छतरपुर के नौगांव में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री रहा। रायसेन में 10.6, धार में 10.9, खजुराहो में 11.4, रतलाम और नरसिंहपुर में 12.2, उज्जैन में 12.5 और इंदौर में 12.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, श्योपुर में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री, दतिया, ग्वालियर और खरगोन में 13 डिग्री, खंडवा में 13.4 डिग्री तथा गुना में 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम में आए बदलाव के पीछे दो प्रमुख मौसमी परिस्थितियां बताई जा रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अकवान का प्रभाव प्रदेश तक पहुंच रहा है। इसके साथ ही पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर निम्न दाब क्षेत्र सक्रिय है, जिसके चलते बादल बनने और बारिश होने की स्थिति बनी हुई है।

दूसरी तरफ कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी हो रही है। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश के तापमान को प्रभावित कर रही हैं। मौसम प्रणाली के आगे बढ़ने के साथ प्रदेश में सर्दी का असर और तेज होने की संभावना है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, नवंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में ठंड और बढ़ सकती है। इसका सबसे ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल संभाग में देखने को मिल सकता है। इस क्षेत्र में उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में तेजी से गिरावट आती है।

तापमान के पुराने रिकॉर्ड भी यहां की सर्दी की तीव्रता बताते हैं। ग्वालियर में करीब 57 साल पहले नवंबर के दौरान न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं, उज्जैन में 53 साल पहले नवंबर का न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के दौरान बारिश होने का पुराना ट्रेंड रहा है। इस बार महीने की शुरुआत में ही बारिश के लिए मौसमी परिस्थितियां बन गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में भी नए सिस्टम सक्रिय होने पर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में बारिश और गिरते तापमान के कारण मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं।