खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के रेहगांव में एक किसान ने कथित जमीन विवाद और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर जहर पीकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 43 वर्षीय सालकराम पिता मोतीराम यादव के रूप में हुई है। आत्महत्या से पहले किसान ने एक वीडियो बनाकर कई लोगों पर जमीन सौदे में ठगी, धमकाने और दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने वीडियो जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, किसान ने अपने खेत में जहरीला पदार्थ पीकर जान दी है। मामले का खुलासा तब हुआ जब उसका बनाया वीडियो सामने आया। वीडियो में वह रोते हुए कथित तौर पर अपने साथ हुई धोखाधड़ी का जिक्र कर रहा है। वीडियो में उसने राजू गुप्ता, विरेंद्र गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता और बिलखेड़ निवासी श्याम समेत अन्य लोगों के नाम लेते हुए आरोप लगाया कि जमीन खरीद फरोख्त के सौदे में उसके साथ धोखा किया गया। जिसकी वजह से उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
यह भी पढ़ें:MP: टीकमगढ़ में तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलटी, 11 लोग घायल, 4 की हालत गंभीर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 7 एकड़ 52 डिसमिल जमीन का सौदा 45 लाख रुपये में हुआ था। सौदे की लिखापढ़ी किसान के परिचित सुरेश मंशाराम यादव के नाम से की गई थी। उस दौरान एक लाख रुपये बयाना दिया गया था और बाकी राशि तय समय में चुकाने की शर्त थी। किसान ने वीडियो में दावा किया कि उसने पूरी रकम और दस्तावेजी खर्च वहन किया लेकिन भुगतान के बाद भी सौदे की शर्तें बदली गई और कुछ पक्ष अपनी बात से मुकर गए। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे खरीदी गई जमीन पर जाने से रोका गया और जान से मारने की धमकियां भी दी गई।
किसान ने वीडियो में लगातार मानसिक दबाव और धमकियों को आत्मघाती कदम की वजह बताया है। घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और पोस्टमार्टम के दौरान आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध भी जताया। मंगलवार सुबह गोगांवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
यह भी पढ़ें:हम जंग लड़ने को तैयार, हॉर्मूज स्ट्रेट में अमेरिकी नाकाबंदी पर बोला ईरान
सूचना मिलते ही गोगांवा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी दीपक यादव ने कहा कि वीडियो, परिजनों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि वीडियो में लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी।