MP: टीकमगढ़ में तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलटी, 11 लोग घायल, 4 की हालत गंभीर
टीकमगढ़ में मंगलवार सुबह इंदौर से आ रही महाकाल सर्विस की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त बस में 50 यात्री सवार थे। हादसे में 11 लोग घायल हो गए। जिनमें से 4 की हालत नाजुक है।
टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। इंदौर से टीकमगढ़ आ रही महाकाल सर्विस कंपनी की यात्री बस सागर रोड पर गौगाबेर हनुमान मंदिर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 11 यात्री घायल हो गए। इनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जबकि, अन्य यात्रियों को मामूली चोटों के बाद प्राथमिक उपचार दिया गया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
दुर्घटना सुबह करीब 8 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ागांव रोड क्रॉसिंग के पास हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 50 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोड़ के पास बस अचानक असंतुलित हो गई थी। जिसके बाद चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे उतरकर पलटते हुए झाड़ियों में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।
यह भी पढ़ें:हम जंग लड़ने को तैयार, हॉर्मूज स्ट्रेट में अमेरिकी नाकाबंदी पर बोला ईरान
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी रवि भूषण पाठक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर सिद्धार्थ रावत के मुताबिक, अस्पताल में 11 घायल लाए गए थे। इनमें चार को गंभीर हालत में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है। घायलों को सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय पहले घटनास्थल और फिर जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर हालचाल जाना और अस्पताल प्रशासन को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से लापरवाही न बरतने और पूरे मामले की निगरानी करने को कहा गया है। वहीं, तहसीलदार सत्येंद्र सिंह गुर्जर और एसडीओ राहुल कटरे ने भी पुष्टि की कि सूचना मिलते ही राहत दल और एंबुलेंस मौके पर भेजी गई थी।
यह भी पढ़ें:MP में दिन के साथ अब रात भी तपेगी, भोपाल समेत 9 शहरों में वॉर्म नाइट का अलर्ट
प्राथमिक जांच में बस का संतुलन बिगड़ना और तेज रफ्तार हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। चालक के फरार होने के बाद जांच का फोकस उसकी भूमिका पर भी है। अधिकारियों का कहना है कि चालक से पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद ही हादसे की सटीक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल अन्य यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया है। जबकि, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




