ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के खुर्दे वाला मोहल्ला स्थित राजश्री अपार्टमेंट में बुधवार सुबह करीब 11 बजे भीषण आग लग गई। आग की शुरुआत ग्राउंड फ्लोर पर बने केमिकल गोदाम से हुई जो तेजी से पहली मंजिल तक फैल गई। अचानक आग भड़कने से अपार्टमेंट में रहने वाले करीब 20 परिवारों में अफरा तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए छतों पर पहुंचकर आसपास की छतों पर कूदने लगे। हालांकि, समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। तीन दमकल गाड़ियों और एक केमिकल फोम वाहन की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अंत में धुएं को नियंत्रित करने के लिए फोम का इस्तेमाल किया गया। पुलिस और राहत टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अपार्टमेंट को खाली कराया और घरों में रखे गैस सिलेंडर व गोदाम में मौजूद स्याही के ड्रमों को बाहर निकाला गया।
यह भी पढ़ें:MP में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाह से हड़कंप, इंदौर-भोपाल में पंपों पर लगी लंबी कतारें
पुलिस के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर पर स्थित गोदाम में स्याही और सर्जिकल सामान रखा हुआ था। जांच में सामने आया है कि आग सर्जिकल वेस्ट मटेरियल से भड़की थी। जबकि, शॉर्ट सर्किट को भी संभावित कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने शुरुआत में खुद आग बुझाने की कोशिश भी की थी लेकिन आग तेजी से फैल गई थी।
बचाव कार्य के दौरान एक बड़ी चुनौती अपार्टमेंट तक पहुंचने वाला संकरा रास्ता रहा था। जिसकी वजह से दमकल गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में काफी कठिनाई हुई थी। इसके बावजूद समय पर पहुंची टीम ने हालात को काबू में कर लिया था। पुलिस फिलहाल गोदाम के मालिक की जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें:AAP विधायक हरमीत पठानमाजरा शिवपुरी से गिरफ्तार, रेप केस में 6 महीने से थे फरार
अपार्टमेंट में रहने वाली लक्ष्मी राठौर ने बताया कि आग लगने के दौरान लोग पूरी तरह फंस गए थे और बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं था। बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित निकाला गया था। वहीं, रेशमा नाम की महिला ने कहा कि स्थिति बेहद डरावनी थी और समझ नहीं आ रहा था कि कैसे जान बचाएं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस केमिकल गोदाम को हटाने की मांग पहले भी की गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि यदि जांच में केमिकल गोदाम संचालकों की लापरवाही सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए शहर के प्रबुद्धजनों के साथ बैठक कर रणनीति बनाई जाएगी।
यह भी पढ़ें:भिंड के संस्कार श्रीवास्तव की स्कॉटलैंड में संदिग्ध मौत, परिवार ने जताई हत्या की आशंका