धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में राजगढ़ कुक्षी मार्ग पर शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। आंबासोटी घाट के पास राजगढ़ से मनावर जा रही निजी यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 14 से अधिक यात्री घायल हो गए। जबकि, ग्राम घर निवासी संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। बस के नीचे दबने से उनके दोनों पैर कुचल गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। वहीं, बस चालक हादसे के बाद फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, भगवती बस राजगढ़ से टांडा बाग होते हुए मनावर की ओर जा रही थी। रिंगनौद के आगे टांडा घाट क्षेत्र शुरू होते ही आंबासोटी घाट के पास बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गई और कई लोग बस के अंदर फंस गए। दुर्घटना के दौरान संजय बस के नीचे दब गए। जिसकी वजह से उनके दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद उनकी पत्नी मौके पर उन्हें गले लगाकर बिलखती रही थी।

यह भी पढ़ें:सिंगरौली में दिनदहाड़े बैंक डकैती, 5 बदमाशों ने फायरिंग कर 10 किलो सोना और लाखों कैश लूटा

घटना की सूचना मिलते ही रिंगनौद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। टांडा अस्पताल के डॉ. यतेंद्र जैन के अनुसार, संजय की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें रेफर किया गया है। उनकी पत्नी को भी चोटे आई हैं। अब तक टांडा अस्पताल में सात घायलों को लाया गया है।

रिंगनौद चौकी प्रभारी गुलाब सिंह भयड़िया ने बताया कि सात घायलों को राजगढ़ के कंचन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जबकि, सात अन्य टांडा के शासकीय अस्पताल में उपचाररत हैं। कुल 14 यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं। जबकि, संजय की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर बस के अनियंत्रित होकर पलटने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस फरार बस चालक की तलाश भी कर रही है।

यह भी पढ़ें:ग्वालियर में नहीं थम रहे साइबर ठगी के मामले, BSF SI के खाते से निकले 7.12 लाख रुपये